इंदौर में आज AICTSL से मिलेंगी अहमदाबाद-जयपुर-उदयपुर-नागपुर तक बस:20 से ज्यादा शहर जुड़ेंगे

इंदौर। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत इंदौर से शहर के साथ-साथ इंटरसिटी और इंटरस्टेट मार्गों पर यात्री बसों का संचालन शुरू हो गया है। एआईसीटीएसएल के माध्यम से अब अहमदाबाद, जयपुर, उदयपुर और नागपुर सहित प्रदेश के कई प्रमुख शहरों के लिए बस सेवा उपलब्ध होगी। इससे इंदौर से महानगरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों तक आवागमन आसान होगा। पिछले दिनों मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से सुगम परिवहन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इसके बाद इंदौर में एबी रोड स्थित एआईसीटीएसएल परिसर में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक मधु वर्मा, विधायक महेंद्र हार्डिया, विधायक मालिनी गौड़, एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया और कलेक्टर शिवम वर्मा ने बसों को फ्लैग ऑफ किया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और यात्रियों ने बस में सफर भी किया।
संबंधित खबर: इंदौर बना बस नेटवर्क का नया केंद्र! 24 रूटों पर 96 बसों का संचालन शुरू, 46 नए रूट कतार में
इन शहरों के लिए मिलेगी बस सेवा
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत इंदौर से धार, अशोकनगर, झाबुआ, रतलाम, रीवा, पन्ना, छतरपुर, सतना, जबलपुर, चंदेरी, उज्जैन, खंडवा, बुरहानपुर, भोपाल, मंदसौर-नीमच, ओंकारेश्वर सहित अन्य मार्गों पर बसों का संचालन किया जा रहा है। वहीं इंटरस्टेट रूट में अहमदाबाद, जयपुर, उदयपुर, मुलताई और नागपुर जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं।
संबंधित खबर: MP में 351 सरकारी बसों की वापसी, नितिन गडकरी ने दिखाई हरी झंडी, भोपाल, इंदौर समेत 7 शहरों में चलेंगी बसें
बसों में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बसों में पैनिक बटन, सीसीटीवी कैमरे और लाइव ट्रैकिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं रहेंगी। इलेक्ट्रिक एसी बसों के साथ डिजिटल और यूपीआई टिकटिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी। यात्रियों को रियायती पास, दिव्यांग पास और विद्यार्थी पास की सुविधा भी दी जाएगी।
70 ई-बसें चल रहीं, 150 तक पहुंचाने की तैयारी
पीएम ई-बस सेवा के तहत वर्तमान में इंदौर में 70 ई-बसों का संचालन किया जा रहा है। आने वाले समय में इनकी संख्या बढ़ाकर 150 करने की योजना है। इसके साथ ही बस स्टैंड, बस स्टॉप और चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं। नियंत्रण और निगरानी के लिए सुव्यवस्थित सिस्टम भी तैयार किया जा रहा है।
संबंधित खबर: MP में सरकारी बसों की वापसी! 21 साल बाद फिर दौड़ेंगी राज्य की बसें, 1 अगस्त से शुरू होगी नई परिवहन सेवा
सार्वजनिक परिवहन को मिलेगा नया विस्तार
सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि संगठित तरीके से संचालित होने वाली इन बसों में यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक व्यवस्थाएं उपलब्ध रहेंगी। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने इसे शहरी और इंटरसिटी मार्गों पर सुरक्षित एवं सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।



















