नागपुर में फिल्मी स्टाइल बैंक लूट, कर्मचारी की आंखों में मिर्ची झोंककर 4 लाख उड़ाए; सामने आया CCTV

महाराष्ट्र के नागपुर में बैंक लूट का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सक्करदरा इलाके में स्थित SBI की शाखा में एक व्यक्ति ने बैंक कर्मचारियों की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंककर 4 लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 30 मिनट के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से लूटी गई पूरी रकम भी बरामद कर ली है।
ग्राहक बनकर बैंक में घुसा आरोपी
जानकारी के मुताबिक, बैंक में रोज की तरह सामान्य कामकाज चल रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति ग्राहक बनकर बैंक के अंदर पहुंचा। वह सीधे कैश काउंटर के पास गया। आरोपी ने अचानक अपने पास रखा मिर्ची पाउडर निकाला और बैंक कर्मचारियों की आंखों में झोंक दिया। अचानक हुई इस घटना से कर्मचारी घबरा गए और बैंक में अफरा-तफरी मच गई।
कैश काउंटर से 4 लाख रुपये लेकर फरार
मिर्ची पाउडर आंखों में पड़ने के बाद कर्मचारियों को कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। आरोपी ने इसी मौके का फायदा उठाया और कैश काउंटर से करीब 4 लाख रुपये की नकदी उठाकर फरार हो गया। बैंक कर्मचारियों और गार्ड ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भीड़ का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। इसके बाद बैंक अधिकारियों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
CCTV फुटेज से मिला सुराग
सूचना मिलते ही सक्करदरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बैंक में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज की मदद से आरोपी के हुलिए और उसके भागने की दिशा के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में नाकाबंदी कर दी और अलग-अलग टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया।
30 मिनट में आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 30 मिनट में आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से बैंक से लूटी गई पूरी 4 लाख रुपये की रकम बरामद कर ली गई। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने बैंक लूट की वारदात को किस मकसद से अंजाम दिया और क्या इस घटना में कोई और व्यक्ति भी शामिल था।




















