Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मुंबई के भांडुप में भीषण हादसा :बस ने 13 लोगों को कुचला, 4 की मौत; 9 गंभीर घायल, हिरासत में ड्राइवर

मुंबई के भांडुप रेलवे स्टेशन के बाहर सोमवार रात बड़ा हादसा हुआ। BEST की एक बस रिवर्स करते समय बेकाबू हो गई और 13 पैदल यात्रियों को कुचल दिया। हादसे में 3 महिलाओं समेत 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बस चालक हिरासत में है, पुलिस जांच जारी है।
बस ने 13 लोगों को कुचला, 4 की मौत; 9 गंभीर घायल, हिरासत में ड्राइवर
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    मुंबई। मुंबई के भांडुप इलाके में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। रेलवे स्टेशन के बाहर बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) की एक बस ने 13 पैदल यात्रियों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़कें खून से सन गईं।

    कितने बजे हुआ भीषण हादसा?

    मुंबई पुलिस के अनुसार, यह हादसा रात करीब 9:35 बजे भांडुप वेस्ट रेलवे स्टेशन के बाहर हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि, BEST की बस रिवर्स करते समय अचानक बेकाबू हो गई और सड़क पर पैदल चल रहे यात्रियों को अपनी चपेट में ले लिया। बस ने एक बिजली के खंभे को भी टक्कर मार दी, जिससे वह गिर गया और मौके पर हड़कंप मच गया।

    कैसी है घायलों की हालत?

    हादसे में कुल 13 लोग घायल हुए थे, जिन्हें तुरंत एम्बुलेंस की मदद से राजावाड़ी अस्पताल और एम.टी. अग्रवाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई। डॉक्टरों के मुताबिक, नौ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

    Twitter Post

    प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया खौफनाक मंजर

    घटनास्थल पर मौजूद फार्मासिस्ट सैमिनी मुदलियार ने बताया कि, वह बस स्टॉप पर खड़ी थीं, तभी तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। अगले ही पल लोगों को हवा में उछलते और सड़क पर गिरते देखा।

    उन्होंने बताया कि, बस के नीचे कई लोग फंसे हुए थे। आसपास मौजूद लोग बस को धकेलकर घायलों को निकालने की कोशिश कर रहे थे। सड़क पर चारों तरफ खून फैला हुआ था। एक व्यक्ति का सिर बुरी तरह कुचला हुआ था, मानो बस उसके ऊपर से गुजर गई हो।

    फुटपाथ अतिक्रमण भी बना हादसे की वजह?

    एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने हादसे के लिए फुटपाथ पर ठेलेवालों के अतिक्रमण को जिम्मेदार बताया। उनके मुताबिक, फुटपाथ पर जगह न होने के कारण पैदल यात्रियों को सड़क पर चलना पड़ता है।

    यह इलाका पहले से ही भीड़भाड़ वाला रहता है और सस्ती सब्जियों के कारण शाम के समय यहां भारी संख्या में लोग जुटते हैं। भीड़ के चलते बसों को यू-टर्न लेने में भी काफी परेशानी होती है।

    Twitter Post

    हिरासत में ड्राइवर

    हादसे के बाद बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है। जोन-7 के डीसीपी हेमराज सिंह राजपूत ने बताया कि ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। बस की मैकेनिकल और तकनीकी जांच कराई जाएगी ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा ब्रेक फेल होने से हुआ या ड्राइवर की लापरवाही से।

    ‘वेट लीज’ मॉडल की मिडी बस थी

    हादसे में शामिल बस ऑलेक्ट्रा ग्रीनटेक कंपनी से ‘वेट लीज’ मॉडल पर ली गई थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय बस BEST का ही चालक चला रहा था। हादसे के करीब एक घंटे बाद तक BEST प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।

    मुख्यमंत्री ने जताया शोक, ₹5 लाख मुआवजा

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजन को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में मृतकों को श्रद्धांजलि दी और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

    Twitter Post

    सवालों के घेरे में सड़क सुरक्षा

    भांडुप बस हादसे ने एक बार फिर मुंबई की सड़क सुरक्षा, फुटपाथ अतिक्रमण और सार्वजनिक परिवहन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद प्रशासन इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।

    यह भी पढ़ें: Big Changes in New Year : आस्ट्रेलिया भेजे जाने वाले उत्पादों पर 1 जनवरी 2026 से पूरी तरह खत्म हो जाएगा आयात शुल्क

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts