Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इंदौर में 28 अक्टूबर को अर्बन कॉन्क्लेव; 2,753 करोड़ रुपए की शहरी परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, बैंकों से होंगे एमओयू

मप्र में शहरी विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए 28 अक्टूबर को इंदौर में राज्य स्तरीय अर्बन कॉन्क्लेव आयोजित होगा। इसमें अर्बन चैलेंज फंड के तहत स्वीकृत 2,753.10 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के लिए वित्तीय संस्थानों और बैंकों से अनुबंध किए जाएंगे। इंदौर, उज्जैन और रीवा की जलप्रदाय, सीवरेज और मंदिर क्षेत्र विकास योजनाओं पर विशेष जोर रहेगा।
इंदौर में 28 अक्टूबर को अर्बन कॉन्क्लेव; 2,753 करोड़ रुपए की शहरी परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, बैंकों से होंगे एमओयू
फाइल फोटो

भोपाल। मध्यप्रदेश के शहरों में आधुनिक अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए 28 अक्टूबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में राज्य स्तरीय अर्बन कॉन्क्लेव आयोजित होगा। इसमें अर्बन चैलेंज फंड के तहत स्वीकृत 2,753.10 करोड़ रुपए की परियोजनाओं को गति देने के लिए वित्तीय संस्थानों और बैंकों के साथ अनुबंध किए जाएंगे। साथ ही संबंधित एजेंसियों को लेटर ऑफ अवॉर्ड भी जारी किए जाएंगे। कॉन्क्लेव में परियोजनाओं की भौतिक प्रगति, वित्तीय प्रबंधन और समयसीमा में काम पूरा करने की रणनीति पर मंथन होगा। सरकार का उद्देश्य शहरों की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ नगरीय निकायों में निवेश की संभावनाएं बढ़ाना है।

तीन शहरों की योजनाओं पर जोर 

अर्बन चैलेंज फंड के तहत इंदौर, उज्जैन और रीवा की प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं। इंदौर में जलप्रदाय वितरण तंत्र को मजबूत करने के साथ सीवरेज नेटवर्क और उपचार संयंत्रों का उन्नयन किया जाएगा। धार्मिक नगरी उज्जैन में एकीकृत मंदिर क्षेत्र विकास परियोजना पर काम होगा, जबकि रीवा में सर्वसमावेशी जलप्रदाय योजना को आगे बढ़ाया जाएगा।

ये भी पढ़ें: इंदौर में पानी पर पहरा! नए नल कनेक्शन बंद, निर्माणाधीन मकानों को भी नहीं मिलेगा नर्मदा का पानी

निवेशकों और स्टार्टअप्स को भी मौका

कॉन्क्लेव में शहरी विकास क्षेत्र के विशेषज्ञों, निवेशकों, वित्तीय संस्थानों, स्टार्टअप्स और युवाओं को भागीदारी का अवसर मिलेगा। इसके जरिए नगरीय परियोजनाओं के लिए वित्तीय संसाधन जुटाने और उनके पारदर्शी उपयोग पर जोर रहेगा। सरकार को उम्मीद है कि इन परियोजनाओं से नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा और शहरों में जीवनयापन की गुणवत्ता बेहतर बनेगी।

ये भी पढ़ें: भोपाल-इंदौर बनेंगे देश के प्रमुख MICE केंद्र, 2027 में मनेगा एडवेंचर ईयर; ट्रैवल मार्ट में पर्यटन विकास पर मंथन

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts