भोपाल में आज से MP Travel Mart की शुरुआत! अमेरिका, फ्रांस समेत 34 देशों के मेहमान होंगे शामिल, CM यादव करेंगे उद्घाटन

भोपाल में बुधवार से मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट (MPTM) 2026 की शुरुआत होगी। यह आयोजन 10 अक्टूबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मार्ट का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में अमेरिका, फ्रांस, जापान, इटली समेत 34 से ज्यादा देशों के 100 से अधिक विदेशी मेहमान और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल होंगे। मार्ट में देश के 15 से ज्यादा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 180 से अधिक घरेलू टूर ऑपरेटर्स भी हिस्सा लेंगे। कुल मिलाकर 600 से ज्यादा प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। इस दौरान विदेशी और घरेलू टूर ऑपरेटर्स के बीच पर्यटन पैकेज, अनुभव और बिजनेस से जुड़े अवसरों पर चर्चा होगी।
₹1,100 करोड़ से ज्यादा के निवेश पर होगा काम
MP Travel Mart 2026 के दौरान मध्य प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े ₹1,100 करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्तावों और समझौतों को अंतिम रूप दिया जाएगा। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में होटल, वेलनेस रिसॉर्ट, लक्जरी टेंट कैंपिंग और इको-टूरिज्म से जुड़ी 14 परियोजनाओं के लिए निजी निवेशकों को ₹252 करोड़ के लेटर ऑफ अवार्ड (LOA) दिए जाएंगे। इसके अलावा तीन प्रमुख पर्यटन मार्गों पर आधुनिक 'मार्ग सुविधा केंद्र' विकसित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य पर्यटकों को सड़क यात्रा के दौरान बेहतर, सुरक्षित और स्वच्छ सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
सीहोर में ₹848 करोड़ का मेगा पर्यटन प्रोजेक्ट
इस आयोजन का बड़ा आकर्षण सीहोर जिले के रामगढ़ में होने वाला ₹848.40 करोड़ का पर्यटन निवेश समझौता है। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड और एआरएम फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के बीच होने वाले इस समझौते के तहत रामगढ़ में अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स, गोल्फ विला, वेलनेस रिसॉर्ट और लक्जरी होटल बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट से क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार होगा। साथ ही करीब 920 लोगों को सीधे रोजगार मिलने की बात कही गई है। इससे स्थानीय स्तर पर अन्य रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
34 देशों के टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल राइटर्स होंगे शामिल
MP Travel Mart में यूरोप, अमेरिका, एशिया-प्रशांत, पश्चिम एशिया और अफ्रीका के कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। इनमें ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस, स्पेन, इटली, ग्रीस, नीदरलैंड्स, पोलैंड, फिनलैंड, हंगरी और स्लोवाकिया जैसे यूरोपीय देश शामिल हैं। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको के अलावा जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, मलेशिया, थाईलैंड, वियतनाम, इंडोनेशिया, फिलीपींस और श्रीलंका से भी प्रतिनिधि पहुंचे हैं। UAE, इजराइल, मॉरीशस, केन्या और रूस के टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल राइटर्स भी आयोजन में हिस्सा लेंगे।
देश के 15 से ज्यादा राज्यों से टूर ऑपरेटर्स आएंगे
राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, केरल, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गोवा, हरियाणा, ओडिशा और जम्मू-कश्मीर समेत 15 से ज्यादा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 180 से अधिक टूर ऑपरेटर्स शामिल होंगे।
ये भी पढ़ें: CM Youth Conclave में बोले युवा-मप्र में जॉब सिक्योरिटी तो है, लेकिन अच्छा पैकेज नहीं
2025 में पर्यटन में 57% की बढ़ोतरी
पर्यटन विभाग के मुताबिक, साल 2025 में मध्य प्रदेश में पर्यटकों की संख्या में 57 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके बाद प्रदेश में आने वाले पर्यटकों की कुल संख्या 21.05 करोड़ तक पहुंच गई। MP Travel Mart 2026 का उद्देश्य इस बढ़ती पर्यटन गतिविधि को वैश्विक निवेश, बेहतर पर्यटन सुविधाओं और स्थानीय रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।
मेहमानों को मिलेगा MP के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद
मार्ट में आने वाले विदेशी मेहमानों के लिए मध्य प्रदेश के पारंपरिक खान-पान की खास झलक भी दिखाई जाएगी। इसके लिए 'मां की रसोई' नाम से लाइव फूड काउंटर लगाया गया है। यहां कोदो-मेथी भात, ज्वार-बाजरे की रोटी, मट्ठे के आलू, चक्की का साग, निघौना, दाल-बाफला, भुने भाटे का भर्ता और सिलबट्टे की चटनी जैसे पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे। इस आयोजन के जरिए मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों के साथ-साथ यहां की संस्कृति, खान-पान और स्थानीय परंपराओं को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है।



















