एमपी में 4,000 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू :अब स्कूल चयन की बारी, प्रदर्शन के बाद आदेश जारी

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने लंबे इंतजार के बाद माध्यमिक और प्राथमिक शिक्षकों के 4,000 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने इसके लिए आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
चयनित अभ्यर्थियों को 12 मई से 18 मई 2026 के बीच ऑनलाइन पोर्टल के जरिए स्कूलों का चयन (चॉइस फिलिंग) करना होगा। अभ्यर्थियों को अपने जिले या संभाग के सभी स्कूलों को प्राथमिकता के क्रम में भरना जरूरी है।
प्रदर्शन के बाद सरकार ने लिया फैसला
बुधवार को अभ्यर्थियों ने भोपाल स्थित DPI कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया था और जल्द प्रक्रिया शुरू करने की मांग की थी। इसके बाद सरकार ने यह कदम उठाया।
लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी कर दी है।
2022 से चल रही थी भर्ती प्रक्रिया
यह भर्ती प्रक्रिया साल 2022 में शुरू हुई थी।
- 2023 में पात्रता परीक्षा हुई
- अप्रैल 2025 में चयन परीक्षा आयोजित हुई
- सितंबर 2025 में रिजल्ट घोषित किया गया
करीब 10,700 अभ्यर्थियों की चयन सूची आने के बावजूद पिछले 9 महीनों से नियुक्ति अटकी हुई थी।
विभाग ने साफ किया है कि चॉइस फिलिंग तभी पूरी मानी जाएगी, जब अभ्यर्थी पोर्टल शुल्क जमा कर देंगे।
समय पर चॉइस नहीं भरी तो नुकसान
अगर कोई अभ्यर्थी तय समय में स्कूल विकल्प नहीं भरता है, तो उसे बची हुई सीटों के आधार पर स्कूल मिलेगा। ऐसे में पसंद का स्कूल मिलने की संभावना कम हो जाएगी।
दस्तावेज सत्यापन जरूरी
कुछ अभ्यर्थियों का चयन सशर्त है। उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन के बाद ही उनकी अंतिम नियुक्ति तय होगी।
पोर्टल पर देखते रहें अपडेट
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे एमपी ऑनलाइन के आधिकारिक पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें और सिर्फ आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
कुछ पदों के लिए अलग से आएगी सूचना
प्राथमिक शिक्षक (गायन-वादन, नृत्य) जैसे विशेष पदों के लिए अलग से सूची जारी की जाएगी। इसके बाद ही इन पदों की प्रक्रिया शुरू होगी।











