PU Special :28 महीने में 9 रुपए महंगा हुआ 'सांची' दूध, NDDB ने संभाला काम, फिर भी उपभोक्ताओं की जेब पर बढ़ा बोझ

पुष्पेन्द्र सिंह, भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ और उससे संबद्ध दुग्ध संघों का संचालन पांच साल के लिए NDDB ( नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड) को सौंपने का निर्णय लिया गया है। सरकार का तर्क है कि इससे दुग्ध उत्पादकों को बेहतर मूल्य मिलेगा और प्रदेश में दूध उत्पादन तथा सहकारी नेटवर्क का विस्तार होगा। लेकिन उपभोक्ताओं के लिए इस बदलाव के बाद भी दूध सस्ता नहीं हुआ। अप्रैल 2025 में NDDB के साथ प्रबंधन समझौता होने के बाद मई 2025, मई 2026 और अब नवंबर 2026 में दूध के दाम बढ़ाए गए हैं। यानी करीब 28 महीने में उपभोक्ताओं को एक लीटर दूध के लिए 9 रुपए अतिरिक्त चुकाने पड़ रहे हैं। मई 2026 में दूसरी और नवंबर 2026 में तीसरी बड़ी मूल्य वृद्धि हुई है।
प्रदेश में दुग्ध संकलन का हिसाब-किताब
2022-23: प्रतिदिन औसतन 2.95 लाख किलो दूध
2023-24: 3.95 लाख किलो
2024-25: घटकर 3.15 लाख किलो
2025-26: 3.77 लाख किलो
यह है भुगतान की स्थिति
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024-25 में भोपाल दुग्ध संघ ने दूध उत्पादकों को 485.39 करोड़ रुपए का भुगतान किया था, जो 2025-26 में बढ़कर 674.44 करोड़ रुपए हो गया। यानी भुगतान में करीब 39 प्रतिशत की वृद्धि हुई। दूध संग्रह करने वाली सहकारी समितियों की संख्या भी 2,110 से बढ़कर 2,646 हो गई।
ये भी पढ़ें: Sanchi Milk Price Hike: सांची दूध के नए रेट आज से लागू, फुल क्रीम 37 और टोंड दूध 30 रुपए में मिलेगा; नई कीमतें लागू
रोज दूध लेने वाले परिवार पर कितना असर
शिवाजी नगर भोपाल निवासी गणेश दुबे कहते हैं कि बार-बार वृद्धि का असर सीधे घरेलू बजट पर पड़ रहा है। अब फुल क्रीम और स्टैंडर्ड दूध के एक लीटर पैकेट की कीमत में 4 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। जो परिवार प्रतिदिन एक लीटर दूध खरीदता है, उसे अब महीने में करीब 120 रुपए अतिरिक्त खर्च करने होंगे। दो लीटर दूध खरीदने वाले परिवार पर यह बोझ 240 रुपए प्रतिमाह होगा। इसी तरह छह लीटर के पैक पर 24 रुपए अतिरिक्त देने होंगे। मध्यमवर्गीय परिवारों के साथ कम आय वाले परिवार भी दूध की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से प्रभावित हो रहे हैं।
सरकार और NDDB के दौर में कीमतों का गणित
अवधि फुल क्रीम दूध की कीमत मूल्य वृद्धि (रुपए)
जुलाई 2024 63 से 65 रुपए 2
मई 2025 65 से 67 रुपए 2
मई 2026 68 से 70 रुपए 2
नवंबर 2026 70 से 74 रुपए 4
दाम बढ़ने का बड़ा कारण मटेरियल और ईंधन खर्च
मप्र दुग्ध संघ फेडरेशन के प्रबंध संचालक जयदेव विश्वास का कहना है कि पिछले दिनों हुए गल्फ वार के कारण हर चीज की कॉस्ट बढ़ी है। मटेरियल और ईंधन की कीमतें अधिक हो गईं हैं। सांची ही नहीं और भी दुग्ध संघों ने दरें बढ़ाई हैं। वित्तीय अनुशासन बनाए रखना भी जरूरी है। एनडीडीबी हर दिन 12 से 13 लाख लीटर दूध खरीदता है, इसमें से 6 लाख लीटर उपभोक्ताओं के पास, करीब तीन लाख अन्य संस्थानों और शेष बचने पर कुछ अमूल और मदर डेरी को बेचते हैं।
ये भी पढ़ें: अमूल और मदर डेयरी का दूध हुआ महंगा, आज से 4 रुपए तक बढ़े दाम; जानें नई कीमतें




















