बुंदेलखंड में निवेश की अमृत वर्षा : सागर रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में 19000 करोड़ के प्रस्ताव, जानें कौनसा ग्रुप लगाएगा स्टील प्लांट

सागर संभागीय मुख्यालय पर शुक्रवार को रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। कॉन्क्लेव का उद्घाटन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। पीटीसी ग्राउंड में हो रही रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में 19000 करोड़ के इंवेस्टमेंट के प्रस्ताव सरकार का मिले हैं। कॉन्क्लेव में उद्योग के विभिन्न क्षेत्रों से 60 से अधिक उद्योगपति भी शामिल हैं। इससे पहले प्रदेश में अगस्त में ग्वालियर, जुलाई में जबलपुर और फरवरी में उज्जैन में कॉन्क्लेव हो चुके हैं।
मुख्य इंवेस्टमेंट के प्रस्ताव
- बंसल ग्रुप: इस समूह ने 1,350 करोड़ रुपये के निवेश के तहत 4 सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, एक 5-स्टार होटल और एक सोलर प्लांट स्थापित करने की योजना बनाई है।
- मध्य भारत एग्रो कंपनी: यह कंपनी बंडा में 500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जिससे स्थानीय कृषि उद्योग को मजबूती मिलेगी।
- गीतांजलि ग्रुप: इस समूह ने निवाड़ी में 3,200 करोड़ रुपये के इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट की स्थापना की घोषणा की है, जो क्षेत्र के औद्योगिक विकास में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
सीएम ने किया निवेश सुविधा केंद्रों का शुभांरभ
सागर में आयोजित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के उद्घाटन सत्र के दौर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से सागर में एमपीआईडीसी के रीजनल ऑफिस का भूमिपूजन एवं संभाग के 6 इन्वेस्टमेंट फैसिलिटेशन सेंटर्स का शुभारंभ किया। इसके साथ-साथ उन्होंने एपीआईडीसी कोयम्बटूर (तमिलनाडु) के कार्यालय का भी वर्चुअल शुभारंभ किया।





















