Peoples Update Special :नवंबर 2026 में रिटायर होंगे कैलाश मकवाणा, MP के अगले DGP होंगे उपेंद्र कुमार जैन!

मध्यप्रदेश पुलिस में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। नवंबर 2026 में DGP कैलाश मकवाणा के रिटायरमेंट के बाद उपेंद्र कुमार जैन प्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक बन सकते हैं। 2026 और 2027 में कई IPS अधिकारियों की सेवानिवृत्ति और प्रमोशन से पुलिस महकमे में बड़े प्रशासनिक बदलाव होंगे।
नवंबर 2026 में रिटायर होंगे कैलाश मकवाणा, MP के अगले DGP होंगे उपेंद्र कुमार जैन!
MP के अगले DGP होंगे उपेंद्र कुमार जैन!

लेखक: विजय एस. गौर, भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस महकमे में अगले पुलिस महानिदेशक (DGP) को लेकर तस्वीर लगभग साफ होती नजर आ रही है। वर्तमान डीजीपी कैलाश मकवाणा का एक वर्ष का सेवा विस्तार नवंबर 2026 में समाप्त हो रहा है। इसके बाद मौजूदा महानिदेशक, आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) उपेंद्र कुमार जैन को प्रदेश का अगला डीजीपी बनाए जाने की प्रबल संभावना है। वरिष्ठता और डीजीपी पद के लिए निर्धारित न्यूनतम कार्यकाल की पात्रता को देखते हुए उपेंद्र कुमार जैन का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार डीजीपी बनने के बाद उन्हें भी एक वर्ष का सेवा विस्तार मिल सकता है।

/img/116/1783698333456

IPS उपेंद्र कुमार जैन

वरुण कपूर और प्रज्ञा ऋचा स्पेशल डीजी रहते होंगे रिटायर

यदि उपेंद्र कुमार जैन डीजीपी बनते हैं तो वर्तमान में महानिदेशक जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं डॉ. वरुण कपूर (सेवानिवृत्ति मई 2027) और महानिदेशक होमगार्ड्स प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव (सेवानिवृत्ति फरवरी 2028) स्पेशल डीजी के पद पर रहते हुए सेवानिवृत्त होंगे।

2026 और 2027 में कई IPS अफसरों को मिलेगा प्रमोशन

पुलिस सेवा के नियमों के अनुसार 25 वर्ष की सेवा पूरी होने पर अधिकारी अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) और 30 वर्ष की सेवा तथा पद रिक्त होने पर स्पेशल डीजी के पद पर पदोन्नत होते हैं।इसी क्रम में वर्ष 2026 में संजीव शमी के सेवानिवृत्त होने के बाद अनंत कुमार सिंह स्पेशल डीजी बन चुके हैं। वहीं आलोक रंजन के रिटायरमेंट के बाद राजाबाबू सिंह को स्पेशल डीजी पद पर पदोन्नति मिलने की संभावना है। वर्ष 2027 में मीनाक्षी शर्मा (ADG एवं OSD, MP भवन दिल्ली), देव प्रकाश गुप्ता (ADG कम्युनिटी पुलिसिंग) और चंचल शेखर (ADG, SAF) भी स्पेशल डीजी के पद पर पदोन्नत हो सकते हैं।

2026 में 16 और 2027 में 13 IPS अधिकारी होंगे सेवानिवृत्त

प्रदेश में अगले दो वर्षों के दौरान वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के बड़े पैमाने पर सेवानिवृत्त होने से पुलिस महकमे में कई अहम पदों पर बदलाव देखने को मिलेगा। राज्य शासन की सूची के अनुसार वर्ष 2027 में कुल 13 आईपीएस अधिकारी सेवानिवृत्त होंगे।

ये भी पढ़ें: जबलपुर: दमुआ नगर पालिका अध्यक्ष पद आरक्षण को चुनौती देने वाली याचिका खारिज, हाईकोर्ट ने कहा- उचित समय पर दें चुनौती

2027 में रिटायर होने वाले प्रमुख IPS अधिकारी

  • जनवरी: राकेश सगर (डीआईजी, एफएसएल, भोपाल)
  • मार्च: मुकेश कुमार श्रीवास्तव (डीआईजी, मानव अधिकार आयोग)
  • मई: डॉ. वरुण कपूर (महानिदेशक, जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं)
  • जून: ओमप्रकाश त्रिपाठी (डीआईजी, एसएएफ), विनोद कुमार सिंह (कमांडेंट, 9वीं बटालियन SAF), संतोष सिंह गौर (डीआईजी, वूमन सिक्योरिटी)
  • जुलाई: जी. अखेतो सेमा (एडीजी, जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं), राजाबाबू सिंह (एडीजी, रेल)
  • अगस्त: उपेंद्र कुमार जैन (महानिदेशक, EOW)
  • अक्टूबर: उमेश जोगा (आयुक्त, परिवहन), मनोज कुमार सिंह (डीआईजी, लोकायुक्त), रसना ठाकुर (एसपी, मानव अधिकार आयोग) और पंकज कुमार श्रीवास्तव (विशेष पुलिस महानिदेशक, अपराध अनुसंधान)

ये भी पढ़ें: मेहनत रंग लाई : आरक्षक की नौकरी से शुरू हुआ सफर, अब सूबेदार बनीं निकिता ठाकुर

पुलिस महकमे में होंगे बड़े प्रशासनिक बदलाव

वरिष्ठ अधिकारियों की सेवानिवृत्ति और संभावित पदोन्नतियों के चलते वर्ष 2026 और 2027 मध्यप्रदेश पुलिस के लिए बड़े प्रशासनिक बदलाव वाले वर्ष साबित हो सकते हैं। डीजीपी से लेकर स्पेशल डीजी और एडीजी स्तर तक कई महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां होने की संभावना है।

Dr. Sumit  Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts