MP में मानसून का ‘ट्रिपल अटैक’! इंदौर-उज्जैन समेत कई जिलों में झमाझम

इंदौर। मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। रविवार को प्रदेश में तीन मौसम प्रणालियां एक साथ सक्रिय रहीं, जिसके चलते पश्चिमी हिस्से में बारिश का दौर तेज हो गया। इंदौर और उज्जैन संभाग के उन इलाकों में भी बादल जमकर बरसे, जहां अब तक बारिश का असर अपेक्षाकृत कम रहा था। कई जगह नदी-नाले उफान पर आ गए तो कहीं बांध के गेट खोलने पड़े।मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार प्रदेश में निम्न दबाव क्षेत्र के साथ ट्रफ सक्रिय है। इसके असर से पश्चिमी मध्य प्रदेश में अगले कुछ समय तक बारिश का सिलसिला बना रह सकता है।
कहीं तालाब लबालब, कहीं पहाड़ी नदी में उफान
बड़वानी के सेंधवा में तेज बारिश के बाद नदी-नालों और तालाबों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। रलावती में जिले का सबसे बड़ा तालाब ओवरफ्लो हो गया। हरदा के वन क्षेत्र में लाखादेह की पहाड़ी नदी भी उफान पर आ गई।उधर मक्सी, पेटलावद, कसरावद और खंडवा में भी जोरदार बारिश हुई। महू, ओंकारेश्वर और रतलाम सहित कई इलाकों में बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया।
चंबल में नहाने उतरे पिता-पुत्र, फिर नहीं लौटे
मुरैना में चंबल नदी में नहाने के दौरान पिता-पुत्र की डूबने से मौत हो गई। दोनों बाबू महाराज मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। दर्शन के बाद नदी में नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और हादसे का शिकार हो गए।
तेज बारिश से बांध पर बढ़ा दबाव
टीकमगढ़ में बारिश के कारण बान सुजारा बांध का जलस्तर बढ़ गया। पानी की बढ़ती आवक को देखते हुए बांध के चार गेट खोलकर पानी की निकासी की गई। प्रशासन की ओर से जलस्तर और आसपास के इलाकों पर नजर रखी जा रही है।
सोमवार को इन जिलों में बरसेंगे बादल
मौसम विभाग ने सोमवार को उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, राजगढ़, गुना और श्योपुर में भारी बारिश की संभावना जताई है।
इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी बारिश का अनुमान है।
15 सितंबर से मिलेगी राहत
मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के मुताबिक 14 सितंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश में बारिश का असर बना रहेगा। निम्न दबाव क्षेत्र के राजस्थान-गुजरात की ओर बढ़ने के दौरान प्रदेश के पश्चिमी जिलों में बारिश जारी रहने की संभावना है।


















