PlayBreaking News

MP में LPG की किल्लत!सर्वर डाउन से ऑनलाइन बुकिंग ठप, 8 दिन की वेटिंग; होटल-रेस्टॉरेंट में गैस खत्म होने की कगार पर

मध्य प्रदेश में LPG गैस संकट गहराता जा रहा है। सर्वर डाउन होने से सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग ठप है और वेटिंग 7-8 दिन तक पहुंच गई है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित कई शहरों में गैस एजेंसियों पर भीड़ लग रही है। होटल-रेस्टॉरेंट को चार दिन से सिलेंडर नहीं मिला, वहीं इंडक्शन और डीजल भट्‌ठी की मांग तेजी से बढ़ी है।
Follow on Google News
सर्वर डाउन से ऑनलाइन बुकिंग ठप, 8 दिन की वेटिंग; होटल-रेस्टॉरेंट में गैस खत्म होने की कगार पर
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। मध्य प्रदेश में इन दिनों एलपीजी गैस सिलेंडर की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। सर्वर डाउन होने के कारण ऑनलाइन बुकिंग लगभग ठप हो गई है। इसके चलते भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में लोग गैस सिलेंडर बुक नहीं कर पा रहे हैं।

    हालात ऐसे हैं कि बड़े शहरों में सिलेंडर की वेटिंग 7 से 8 दिन तक पहुंच गई है, जबकि छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों में स्थिति और भी गंभीर बताई जा रही है। गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर सुबह से शाम तक लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं। इस बीच कई जगहों से सिलेंडर की कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई है।

    ऑनलाइन बुकिंग ठप, एजेंसियों पर बढ़ी भीड़

    प्रदेश में गैस बुकिंग का बड़ा हिस्सा ऑनलाइन माध्यम से होता है, लेकिन सर्वर में आई तकनीकी समस्या के कारण उपभोक्ता सिलेंडर बुक नहीं कर पा रहे हैं। भोपाल और इंदौर जैसे बड़े शहरों में भी गैस एजेंसियों पर लोगों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। कई उपभोक्ता सीधे एजेंसियों पर पहुंचकर बुकिंग और सिलेंडर की जानकारी लेने को मजबूर हैं। गैस वितरकों के अनुसार, सर्वर की समस्या के कारण सप्लाई चेन भी प्रभावित हुई है, जिससे वितरण में देरी हो रही है।

    होटल-रेस्टॉरेंट में गैस खत्म होने की स्थिति

    LPG संकट का सबसे ज्यादा असर होटल और रेस्टॉरेंट व्यवसाय पर पड़ा है। भोपाल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजकुल पाल सिंह पाली के अनुसार, शहर के करीब 2 हजार होटल और रेस्टॉरेंट को पिछले चार दिनों से एक भी कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिला है। उनका कहना है कि, कई होटल ऐसे हैं जहां सिर्फ 24 से 48 घंटे का ही गैस स्टॉक बचा है। अगर जल्द सप्लाई नहीं हुई तो होटल और रेस्टॉरेंट का संचालन प्रभावित हो सकता है।

    यह भी पढ़ें: ऑयल क्राइसिस के बीच अमेरिका का बड़ा फैसला : 30 दिन तक रूस से तेल खरीद सकेंगे सभी देश, कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर पार

    50 हजार होटल-रेस्टॉरेंट में संकट

    रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरे मध्य प्रदेश में करीब 50 हजार होटल और रेस्टॉरेंट ऐसे हैं जो LPG गैस पर निर्भर हैं। अगर जल्द स्थिति सामान्य नहीं हुई तो हजारों लोगों के रोजगार पर भी असर पड़ सकता है। इसके अलावा लाखों ग्राहकों को भी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।

    2 लाख छात्रों के खाने पर संकट

    होटल और रेस्टॉरेंट एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि, होटल, रेस्टॉरेंट और कॉलेज कैंटीन को भी इमरजेंसी सेवाओं में शामिल किया जाए। एसोसिएशन का कहना है कि, भोपाल में करीब 2 लाख छात्र ऐसे हैं जो रोजाना होटल या कैंटीन से भोजन लेते हैं। अगर गैस की आपूर्ति बंद रही तो छात्रों के सामने भी भोजन की समस्या खड़ी हो सकती है।

    मुख्यमंत्री से मिले होटल व्यवसायी

    मध्य प्रदेश होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित सूरी ने बताया कि, होटल व्यवसायियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई है। उन्होंने मांग की है कि, होटल और रेस्टॉरेंट को भी आवश्यक सेवाओं की श्रेणी में शामिल किया जाए, ताकि गैस सप्लाई नियमित हो सके। मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर सकारात्मक आश्वासन दिया है और जल्द समाधान निकालने की बात कही है।

    Featured News

    इंडक्शन और डीजल भट्‌ठी की बढ़ी मांग

    गैस संकट के कारण बाजार में इंडक्शन चूल्हे और डीजल भट्‌ठियों की मांग अचानक बढ़ गई है। भोपाल में इंडक्शन चूल्हों की बिक्री 7 गुना तक बढ़ गई है। इसके साथ ही डीजल भट्‌ठियों की कीमत भी लगभग दोगुनी हो गई है। कई होटल और ढाबे अब गैस की जगह इन वैकल्पिक साधनों का उपयोग कर रहे हैं।

    घरेलू सिलेंडर के नियमों में बदलाव

    गैस की कमी को देखते हुए घरेलू सिलेंडर की बुकिंग के नियमों में भी बदलाव किया गया है।

    नए नियम

    • अब सिलेंडर की बुकिंग 20 दिन की जगह 25 दिन बाद होगी।
    • एक महीने में एक से ज्यादा सिलेंडर नहीं मिलेगा।
    • बुकिंग केवल रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से ही होगी।

    इन बदलावों का उद्देश्य गैस की अनावश्यक खपत को रोकना और सभी उपभोक्ताओं तक सिलेंडर पहुंचाना है।

    भोपाल में घरेलू LPG का कमर्शियल इस्तेमाल बंद

    भोपाल जिला प्रशासन ने गैस के दुरुपयोग को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर के आदेश के अनुसार, अब घरेलू LPG सिलेंडर का उपयोग केवल घरेलू कामों के लिए ही किया जा सकेगा। होटल, ढाबे, चाय की दुकान या अन्य व्यवसायिक स्थानों पर घरेलू गैस का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

    प्रशासन का मानना है कि, कई जगहों पर कम कीमत के कारण घरेलू सिलेंडर का इस्तेमाल व्यवसायिक कार्यों में किया जा रहा था, जिससे गैस की कमी बढ़ रही थी।

    यह भी पढ़ें: लाड़ली बहनों के लिए खुशखबरी : CM मोहन यादव आज जारी करेंगे 34वीं किस्त, 1.25 करोड़ महिलाओं के खाते में आएंगे 1500 रुपए

    निगरानी के लिए तीन-स्तरीय टीम

    इस व्यवस्था को लागू कराने के लिए प्रशासन ने तीन स्तर की निगरानी टीम बनाई है। इस टीम में शामिल होंगे-

    • SDM
    • CSP
    • खाद्य विभाग के कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी

    ये टीमें शहर के अलग-अलग हिस्सों में अचानक निरीक्षण करेंगी और गैस एजेंसियों से लेकर वितरण केंद्रों तक निगरानी रखेंगी। इससे न केवल कालाबाजारी पर रोक लगेगी बल्कि अवैध गैस रिफिलिंग जैसी खतरनाक गतिविधियों को भी रोका जा सकेगा।

    कालाबाजारी के आरोप भी बढ़े

    गैस की कमी के बीच कई जगहों से सिलेंडर की कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आई हैं। भोपाल में कथित तौर पर 4 सिलेंडर की कीमत 21 हजार रुपए तक वसूली जा रही है। वहीं रीवा में घरेलू सिलेंडर करीब 2000 रुपए तक में बिकने की खबरें सामने आई हैं। छिंदवाड़ा में तो शादी समारोहों में गैस की जगह डीजल भट्‌ठियों पर खाना बनाने की तैयारी की जा रही है।

    सतना में सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत

    गैस संकट को लेकर सतना जिले में 86 लोगों ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है। लोगों का कहना है कि, बुकिंग करने के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है।

    Breaking News

    प्रदेश में रोज कितनी होती है गैस सप्लाई

    एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के अनुसार मध्य प्रदेश में सवा करोड़ से ज्यादा उपभोक्ता हैं। प्रदेश के बड़े शहरों में रोजाना गैस सप्लाई का अनुमान इस प्रकार है-

    भोपाल: करीब 15 हजार सिलेंडर रोज

    इंदौर: करीब 25 हजार सिलेंडर

    जबलपुर: 20-25 हजार सिलेंडर

    ग्वालियर: करीब 20 हजार सिलेंडर

    सागर: 6 से 8 हजार सिलेंडर

    छोटे जिलों में: लगभग 2 हजार सिलेंडर रोज

    बड़े शहरों में LPG सिलेंडर के दाम

    हाल ही में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में 60 रुपए तक की बढ़ोतरी भी हुई है। प्रमुख शहरों में नए दाम-

    • दिल्ली - ₹913
    • मुंबई - ₹912.50
    • कोलकाता - ₹939
    • चेन्नई - ₹928.50
    • भोपाल - ₹918.50
    • जयपुर - ₹916.50
    • पटना - ₹1011
    • रायपुर - ₹984

    यह भी पढ़ें: LPG Crisis : गैस संकट पर संसद में बोले राहुल गांधी-अभी तो दर्द की शुरुआत हुई है

    सिलेंडर नहीं मिले तो यहां करें शिकायत

    अगर गैस डीलर सिलेंडर नहीं दे रहा है या ज्यादा कीमत वसूल रहा है, तो उपभोक्ता इन हेल्पलाइन नंबरों पर शिकायत कर सकते हैं-

    भारत गैस: 1800-22-4344

    इंडेन गैस: 1800-2333-555

    एचपी गैस: 1800-2333-555

    ये सभी नंबर टोल फ्री हैं।

    कब सुधर सकती है स्थिति?

    गैस वितरकों का कहना है कि, सर्वर की समस्या ठीक होते ही बुकिंग प्रक्रिया सामान्य हो सकती है। हालांकि सप्लाई को पूरी तरह सामान्य होने में कुछ दिन लग सकते हैं। फिलहाल प्रशासन, गैस कंपनियां और वितरण एजेंसियां मिलकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही हैं।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts