Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP Lok Sabha Election 2024 : MP की 9 लोकसभा सीटों पर थमा तीसरे चरण का चुनावी शोर, घर-घर दस्तक देंगे उम्मीदवार

MP Lok Sabha Election 2024 : MP की 9 लोकसभा सीटों पर थमा तीसरे चरण का चुनावी शोर, घर-घर दस्तक देंगे उम्मीदवार
भोपाल। लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) के तीसरे चरण का चुनाव-प्रचार अभियान रविवार शाम 6 बजे थम गया है। इस चरण में मध्य प्रदेश की 9 लोकसभा सीटों पर मंगलवार को मतदान होगा। 7 मई को मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, राजगढ़, विदिशा, भोपाल और बैतूल संसदीय क्षेत्रों में वोटिंग होगी। चुनाव प्रचार अभियान समाप्ति के पहले इन क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

राजा, महाराजा और मामा का राजनीतिक भविष्य दांव पर

प्रदेश की 9 सीटों के लिए होने जा रहे मतदान में दिग्विजय सिंह (राजा), ज्योतिरादित्य सिंधिया (महाराजा) और शिवराज सिंह चौहान (मामा) का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में बंद होगा। प्रदेश में तीसरे चरण में प्रदेश की सबसे ज्यादा लोकसभा सीटें शामिल हैं। पहले, दूसरे में 6-6 लोकसभा में मतदान हुआ था और चौथे चरण में आठ लोकसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। 7 मई को होने जा रहे चुनाव में कुल 74 प्रत्याशी मैदान में हैं। गौरतलब है कि बैतूल में बसपा प्रत्याशी की मौत के बाद आयोग को इस लोकसभा में दूसरे से तीसरे चरण में चुनाव कराना पड़ा।

चुनावी सभाएं नहीं, घर-घर संपर्क कर सकेंगे प्रत्याशी

मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत 9 संसदीय क्षेत्रों में आज शाम 6 बजे चुनाव प्रचार अभियान समाप्त होने के साथ ही चुनावी शोरगुल भी थम गया। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन के अनुसार इन 9 क्षेत्रों में मतदान 7 मई को सुबह 7 बजे प्रारंभ होकर शाम 6 बजे तक चलेगा। नियमों के अनुरूप मतदान समाप्ति के 48 घंटे पहले यानी आज शाम 6 बजे चुनाव प्रचार अभियान समाप्त हो जाएगा। इसके बाद चुनावी सभाएं आदि नहीं हो सकेंगी और प्रत्याशी घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर सकेंगे।

एक करोड़ से ज्यादा मतदाता डालेंगे वोट

मतदान दल सोमवार सुबह इन क्षेत्रों में 20456 मतदान केंद्रों पर मतदान कराने के लिए रवाना किए जाएंगे। मतदान के मद्देनजर जिलों में कलेक्टरों की टीम हीट वेव से लोगों को बचाने और अधिक से अधिक मतदान कराने की तैयारी में जुटी है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि 9 लोकसभा सीटों पर कुल 1 करोड़ 77 लाख 52 हजार 583 मतदाता हैं।

बाहरी लोगों को छोड़ना होंगे क्षेत्र

चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार लोकसभा क्षेत्र में संबंधित क्षेत्र का मतदाता ही रह सकता है। इसके चलते लोकसभा चुनाव वाले क्षेत्रों में बाहर से आने वाले लोगों एवं खास तौर पर राजनेताओं को क्षेत्र से बाहर जाना होगा।

कहां किसके बीच मुकाबला

  • मुरैना : BJP प्रत्याशी - शिवमंगल सिंह तोमर। कांग्रेस प्रत्याशी - नीटू सत्यपाल सिंह सिकरवार।
  • ग्वालियर : BJP प्रत्याशी - भारत सिंह कुशवाह। कांग्रेस प्रत्याशी - प्रवीण पाठक।
  • बैतूल : BJP प्रत्याशी - दुर्गादास उइके। कांग्रेस प्रत्याशी - रामू टेकाम।
  • राजगढ़ : BJP प्रत्याशी - रोडमल नागर। कांग्रेस प्रत्याशी - दिग्विजय सिंह।
  • भोपाल : BJP प्रत्याशी - आलोक शर्मा। कांग्रेस प्रत्याशी - अरुण श्रीवास्तव।
  • विदिशा : BJP प्रत्याशी - शिवराज सिंह चौहान। कांग्रेस प्रत्याशी - प्रताप भानु शर्मा।
  • गुना : BJP प्रत्याशी - ज्योतिरादित्य सिंधिया। कांग्रेस प्रत्याशी - यादवेंद्र सिंह यादव।
  • सागर : BJP प्रत्याशी - लता वानखेड़े। कांग्रेस प्रत्याशी - चंद्रभूषण सिंह बुंदेला उर्फ गुड्डू भैया।
  • भिंड : BJP प्रत्याशी - संध्या राय। कांग्रेस प्रत्याशी - फूल सिंह बरैया।

तीन दिग्गजों के लिए यह चुनाव महत्वपूर्ण इसलिए…

  • दिग्विजय सिंह : तीन दशक बाद अपने गृहक्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। 2019 का चुनाव हार चुके थे। क्षेत्र की जनता को प्रचार के दौरान कहा‘ आखिरी चुनाव लड़ रहा हूं।’
  • शिवराज सिंह चौहान : लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने के बाद अब दिल्ली में बड़ी जिम्मेदारी की उम्मीद। बहनों के भरोसे बड़ी लीड का लक्ष्य।
  • ज्योतिरादित्य सिंधिया : 2019 का चुनाव हार चुके थे। लोकसभा का चुनाव जीतना प्रतिष्ठा का सवाल।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts