Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

प्रदेशभर में दुर्गा उत्सव पर 15 हजार ड्रोन से होगी निगरानी, झांकियों से गरबा स्थलों और महिलाओं के आने-जाने वाले रास्तों तक रहेगी नजर

मध्यप्रदेश में दुर्गा उत्सव के दौरान झांकियों, गरबा स्थलों और श्रद्धालुओं के आवाजाही वाले मार्गों पर ड्रोन से निगरानी की तैयारी है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, महिलाओं की सुरक्षा के लिए गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। भोपाल में करीब तीन हजार स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।
प्रदेशभर में दुर्गा उत्सव पर 15 हजार ड्रोन से होगी निगरानी, झांकियों से गरबा स्थलों और महिलाओं के आने-जाने वाले रास्तों तक रहेगी नजर
फाइल फोटो

भोपाल। दुर्गा उत्सव के दौरान प्रदेशभर में झांकियों, गरबा स्थलों और श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले मार्गों पर ड्रोन से निगरानी की तैयारी है। इसके लिए 15 हजार से ज्यादा ड्रोन लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। गरबा में शामिल होने वाली महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को देखते हुए उनके आने-जाने वाले रास्तों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों, रेंज डीआईजी, जोनल आईजी और एडीजी को उत्सव के दौरान सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

बड़ी झांकियों के आसपास तैनात होंगे ड्रोन

निर्देशों के मुताबिक, जिला पुलिस अधीक्षकों को बड़ी झांकियों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी के लिए ड्रोन की व्यवस्था करनी होगी। पुलिस विभाग के पास उपलब्ध ड्रोन कम पड़ने पर जरूरत के अनुसार किराए पर भी लिए जाएंगे। ड्रोन से निगरानी के साथ पुलिस टीमों को स्थानीय थानों और कंट्रोल रूम के संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपात स्थिति में अतिरिक्त बल को तत्काल मौके पर भेजा जा सके। 

महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान

गरबा स्थलों पर आने-जाने वाली महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा के लिए संवेदनशील मार्गों पर गश्त और निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया है। देर रात घर लौटने वाली महिलाओं की आवाजाही पर नजर रखने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें: सोहागपुर में त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, नवरात्रि में सुबह 4 बजे से होगी गश्त; डीजे पर भी रहेगी नजर

भोपाल में तीन हजार स्थानों पर प्रतिमाएं

भोपाल हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी के अनुसार, राजधानी में करीब तीन हजार स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इनमें 22 बड़ी झांकियां हैं, जहां बड़े स्तर पर गरबा आयोजन होते हैं। इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में भी बड़ी संख्या में प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रदेशभर में करीब डेढ़ लाख स्थानों पर प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। प्रतिमा स्थापना स्थलों और झांकियों की संख्या अलग-अलग है।

सभी जिलों के एसपी को निर्देश दिए

इस बारे में एडीजी इंटेलीजेंस अंशुमन सिंह यादव ने कहा कि “समस्त जिला पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि दुर्गा उत्सव के दौरान झांकियों के आसपास और आने-जाने वाले मार्गों पर ड्रोन से निगरानी की जाए। पुलिस विभाग के पास ड्रोन कम होने पर किराए पर लिए जाएंगे। संवेदनशील रास्तों पर लगातार गश्त होगी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।” 

ये भी पढ़ें: नवरात्रि में गरबा के लिए अहमदाबाद तैयार! 14 हजार जवान, AI कैमरे और SHE टीम रहेंगी तैनात

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts