Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पचमढ़ी में लगेगा कांग्रेस का ट्रेनिंग कैंप, राहुल गांधी लेंगे जिलाध्यक्षों की क्लास, 10 दिन चलेगा सत्र, खड़गे भी होंगे शामिल

- 2 से 11 नवंबर तक चलेगा ट्रेनिंग कैंप
पचमढ़ी में लगेगा कांग्रेस का ट्रेनिंग कैंप, राहुल गांधी लेंगे जिलाध्यक्षों की क्लास, 10 दिन चलेगा सत्र, खड़गे भी होंगे शामिल
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की तैयारी में जुटी पार्टी अब अपने जिलाध्यक्षों को 10 दिन की ट्रेनिंग देने जा रही है। यह प्रशिक्षण शिविर 2 नवंबर से 11 नवंबर तक पचमढ़ी के होटल हाईलैंड में आयोजित होगा। इस दौरान प्रदेश के सभी 71 जिला अध्यक्ष कैंप में ही रहेंगे। पार्टी ने इसके लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इस कैंप में नेताओं को संगठन निर्माण, रणनीति और जमीनी स्तर पर कामकाज को लेकर प्रशिक्षित किया जाएगा।

    राहुल गांधी और खड़गे आएंगे पचमढ़ी

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस ट्रेनिंग कैंप में शामिल होंगे। इसके अलावा जयराम रमेश, सुप्रिया श्रीनेत, पवन खेड़ा, शशिकांत सेंथिल जैसे कई दिग्गज नेता और रणनीतिकार सत्र लेंगे। हालांकि राहुल गांधी के आने की सटीक तारीख तय नहीं है, क्योंकि वे बिहार चुनावी दौरे में रहेंगे। एमपी कांग्रेस ने उन्हें दो दिन के लिए पचमढ़ी कैंप में शामिल होने का प्रस्ताव भेजा है।

    वन-टू-वन बातचीत करेंगे राहुल गांधी

    जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी न केवल जिलाध्यक्षों को संबोधित करेंगे, बल्कि उनके साथ वन-टू-वन बातचीत भी करेंगे। इस दौरान वे जिले की राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों, चुनौतियों और भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगे। राहुल गांधी जिला स्तर पर पार्टी के ढांचे, जमीनी कैडर की स्थिति और बूथ प्रबंधन पर भी सीधा फीडबैक लेंगे।

    Uploaded media

    गनमैन, ड्राइवर, पीए को एंट्री नहीं

    एमपी कांग्रेस की ओर से जारी गाइडलाइन के मुताबिक, प्रशिक्षण स्थल पर जिलाध्यक्ष अकेले ही पहुंचेंगे। उनके गनमैन, ड्राइवर या निजी सहायक (पीए) को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सभी जिला अध्यक्षों को 2 नवंबर की सुबह 10 बजे तक पचमढ़ी पहुंचकर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

    अगले चुनावों का रोडमैप बनेगा

    इस प्रशिक्षण में आगामी नगर निकाय, पंचायत, 2028 विधानसभा और 2029 लोकसभा चुनावों को लेकर रणनीति तय की जाएगी। जिलाध्यक्षों को यह बताया जाएगा कि ब्लॉक, मंडलम, सेक्टर, वार्ड, ग्राम पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को कैसे मज़बूत किया जाए।

    सुबह से रात तक तय होगा रूटीन

    कांग्रेस ने 10 दिन के कैंप के लिए मिनट टू मिनट कार्यक्रम तैयार किया है। इसमें सुबह की सैर, योग और ध्यान जैसी गतिविधियों से दिन की शुरुआत होगी। इसके बाद राजनीतिक प्रशिक्षण, संगठन विस्तार, जनसंपर्क तकनीक और सोशल मीडिया प्रबंधन जैसे विषयों पर सत्र होंगे। शाम को ग्रुप डिस्कशन और प्रश्नोत्तर सत्र होंगे, ताकि जिलाध्यक्ष अपने अनुभव साझा कर सकें।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts