PlayBreaking News

बिना गुणवत्ता जांच के बाजार में बेचा गया कफ सिरप, पूछताछ में SIT का बड़ा खुलासा

कफ सिरप मामले में पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। जिस दौरान कई खुलासे हो रहे है। जानकारी के मुताबिक, बिना किसी जांच के कफ सिरप को बाजार मेंं बिक्री के लिए भेजा गया था।
Follow on Google News
बिना गुणवत्ता जांच के बाजार में बेचा गया कफ सिरप, पूछताछ में SIT का बड़ा खुलासा
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में जहरीली कफ सिरप से बच्चों की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। एसआईटी की जांच में सामने आया है कि कफ सिरप की कभी लैब टेस्टिंग ही नहीं की गई थी। यानी बिना किसी गुणवत्ता जांच के यह सिरप सीधे बाजार में उतारा गया और मरीजों को पिलाया गया। यह खुलासा तब हुआ जब एसआईटी ने श्रीसन फार्मा की केमिकल एनालिस्ट के. माहेश्वरी से पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने माहेश्वरी और फैक्ट्री के मालिक रंगनाथन को आमने-सामने बैठाकर भी पूछताछ की। शनिवार को तीन दिन की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद माहेश्वरी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

    सिरप को कोई जांच नहीं की गई

    सूत्रों के मुताबिक, माहेश्वरी ने पूछताछ में माना कि कंपनी में लैब टेस्टिंग की पर्याप्त सुविधा नहीं थी। केवल कुछ दवाओं की ही औपचारिक जांच होती थी, जबकि कोल्ड्रिफ कफ सिरप को बिना किसी परीक्षण के सीधे बाजार में उतार दिया गया। इसके साथ ही, यह भी सामने आया कि ड्रग डिपार्टमेंट की ओर से कंपनी की नियमित जांच नहीं की गई थी। बता दें कि आरोपी माहेश्वरी इस पद पर लगभग 18 वर्षों से कार्यरत हैं और पिछले चार सालों से श्रीसन फार्मा में पदस्थ थीं।

    आमने- सामने बैठाकर की पूछताछ

    इसी मामले में एसआईटी ने फैक्ट्री के मालिक रंगनाथन से भी पूछताछ की। जांच टीम कुछ दिन पहले उसे तमिलनाडु लेकर गई थी, जहां से दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाए गए। शुक्रवार शाम को टीम वापस लौटी और उसी रात रंगनाथन और माहेश्वरी को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई।

    के. माहेश्वरी को जेल भेजा गया

    शनिवार को के. माहेश्वरी की तीन दिन की पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। जहां कोर्ट के आदेश पर उसे जिला जेल भेज दिया गया। वहीं, फैक्ट्री मालिक रंगनाथन की पुलिस रिमांड 20 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है।

    क्या है पूरा मामला?

    बता दें, मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में जहरीली कफ सिरप पीने से 22 बच्चों की मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद पुलिस ने सिरप बनाने वाली श्रीसन फार्मा कंपनी की केमिकल एनालिस्ट के. माहेश्वरी को हिरासत में लेकर तीन दिन की रिमांड पर पूछताछ की थी। 

    Priyanshi Soni
    By Priyanshi Soni
    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts