MP Second Exam : मप्र में 5वीं व 8वीं सेकंड एग्जाम का रिजल्ट घोषित, 5वीं में 80% और 8वीं में 74% से ज्यादा विद्यार्थी पास

मप्र राज्य शिक्षा केंद्र ने मंगलवार को 5वीं व 8वीं की पुन: परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए। 5वीं में 80% और 8वीं में 74 % से अधिक विद्यार्थी पास हुए हैं। इस तरह सत्र 2025-26 में पांचवीं में कुल 98.89% और आठवीं में 98.19% रिजल्ट बना।
मप्र में 5वीं व 8वीं सेकंड एग्जाम का रिजल्ट घोषित, 5वीं में 80% और 8वीं में 74% से ज्यादा विद्यार्थी पास
मप्र राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा 5वीं, 8वीं पुन: परीक्षा का रिजल्ट घोषित किया गया।

भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य शिक्षा केन्द्र, स्कूल शिक्षा विभाग ने मंगलवार को कक्षा 5वीं और 8वीं की पुन: परीक्षा (Second Exam) के परिणाम घोषित कर दिए हैं। विद्यार्थी और अभिभावक राज्य शिक्षा केंद्र के परीक्षा पोर्टल https://www.rskmp.in/result.aspx पर अपना रोल नंबर दर्ज कर परिणाम देख सकते हैं। शैक्षणिक सत्र 2025-26 की पुन: परीक्षा में कक्षा 5वीं का उत्तीर्ण प्रतिशत 80.42 और कक्षा 8वीं का 74.16 प्रतिशत दर्ज किया गया है। वहीं मुख्य वार्षिक परीक्षा और पुन: परीक्षा के परिणामों को मिलाकर इस सत्र में कक्षा 5वीं का कुल परिणाम 98.89 प्रतिशत तथा कक्षा 8वीं का 98.19 प्रतिशत रहा है।

पोर्टल पर हर स्कूल का रिजल्ट भी 

राज्य शिक्षा केन्द्र के अपर संचालक डॉ. अरुण सिंह ने बताया कि विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक राज्य शिक्षा केन्द्र के परीक्षा पोर्टल पर रोल नंबर दर्ज कर अपना परिणाम देख सकते हैं। वहीं संस्था प्रमुख और शिक्षक अपनी-अपनी स्कूल का विद्यार्थीवार रिजल्ट भी इसी पोर्टल के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। विभाग का कहना है कि ऑनलाइन व्यवस्था के कारण परिणाम देखने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल और पारदर्शी हो गई है, जिससे विद्यार्थियों और स्कूलों को तत्काल जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।

ये भी पढ़ें: Peoples Update Special : सोलर कंपनियों के लिए बैटरी स्टोरेज जरुरी, डिस्कॉम लेगा महंगी बिजली, विद्युत नियामक आयोग ने जारी किया ड्राफ्ट

जून में हुई थी पुन: परीक्षा, 1.47 लाख से ज्यादा छात्र शामिल 

राज्य शिक्षा केंद्र ने 16 से 23 जून के बीच कक्षा 5वीं और 8वीं की पुन: परीक्षाओं का आयोजन किया था। इसमें प्रदेश के शासकीय, अशासकीय विद्यालयों और पंजीकृत मदरसों के कुल 1 लाख 47 हजार 822 विद्यार्थी शामिल हुए। इनमें कक्षा 5वीं के 71,548 और कक्षा 8वीं के 76,274 परीक्षार्थी थे। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए पूरे प्रदेश में 322 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे, जहां 17 हजार से अधिक मूल्यांकनकर्ताओं ने उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर ऑनलाइन अंक दर्ज किए।

सरकारी स्कूलों में सबसे ज्यादा विद्यार्थी हुए सफल 

जारी आंकड़ों के अनुसार, कक्षा 5वीं में शासकीय स्कूलों के 46,665 विद्यार्थियों में से 36,217 उत्तीर्ण हुए। अशासकीय स्कूलों के 24,302 विद्यार्थियों में से 20,971 और मदरसों के 581 में से 352 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की। वहीं कक्षा 8वीं में सरकारी स्कूलों के 56,738 विद्यार्थियों में से 40,315 सफल रहे। अशासकीय विद्यालयों के 19,113 में से 15,978 और मदरसों के 423 में से 268 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। विभाग ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।

ये भी पढ़ें: मोबाइल यूजर्स को बड़ा झटका! Jio, Airtel, Vi के प्रीपेड प्लान 15% तक हो सकते हैं महंगे, जानें क्या है वजह

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts