भोपाल में ओवैसी के काफिले का एक्सीडेंट, VIP रोड पर भिड़ीं कई गाड़ियां, बाइक सवार घायल

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के काफिले के साथ सड़क हादसा हो गया। मंगलवार को ओवैसी के भोपाल दौरे के दौरान VIP रोड पर काफिले में शामिल कई वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में 4 से 5 बाइक सवार घायल हुए हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
अचानक रुका काफिला, भिड़ गईं बाइकें
बताया जा रहा है कि ओवैसी का काफिला VIP रोड से गुजर रहा था। एक मोड़ पर काफिले के कुछ वाहन अचानक रुक गए। इसके बाद पीछे चल रहे वाहन और बाइकें एक-दूसरे से टकरा गईं। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घायल बाइक सवार अस्पताल भेजे गए
हादसे में कुछ बाइक सवारों को चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद VIP रोड पर यातायात भी प्रभावित हुआ, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
ये भी पढ़ें: UCC के खिलाफ भोपाल में ओवैसी का हमला, निकाह और आदिवासी छूट पर उठाए सवाल
पुलिस कर रही हादसे की जांच
यातायात के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त वसंत कौल ने बताया कि मोड़ पर काफिला रुकने के बाद कई वाहन आपस में टकराए। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि काफिला अचानक क्यों रुका और हादसे में कौन-कौन से वाहन शामिल थे। ओवैसी मंगलवार को राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल होने भोपाल पहुंचे थे। हादसे के बाद उनका काफिला आगे रवाना हो गया। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना की पूरी वजह स्पष्ट होगी।



















