मध्य प्रदेश के अशोकनगर में इंसानियत शर्मसार! एक दिन की नवजात की गला दबाकर हत्या, मां-दादी से पूछताछ

मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिला अस्पताल से एक नवजात बच्ची की मौत का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। महज एक दिन की बच्ची की मौत के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके गला दबाए जाने की पुष्टि हुई है। घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृत बच्ची अपने परिवार की तीसरी बेटी थी। चंदेरी के सकरा गांव की रहने वाली भावना ने देर रात बच्ची को जन्म दिया था। जन्म के बाद बच्ची को निगरानी के लिए अस्पताल के SNCU (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) में भर्ती कराया गया था।
अचानक बिगड़ी बच्ची की हालत
शनिवार दोपहर अचानक बच्ची की हालत बिगड़ गई। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, बच्ची के शरीर पर मिले निशानों ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया। डॉक्टरों को बच्ची के गले पर दबाव के निशान दिखाई दिए। उसके मुंह से भी खून निकल रहा था। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी बच्ची की मौत सामान्य कारणों से नहीं होने की बात सामने आई। रिपोर्ट में गला दबाए जाने की पुष्टि हुई है। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू कर दी।
मां ने बताई आखिरी बात
डॉक्टरों के मुताबिक, बच्ची की मां ने बताया कि उसने उसे दूध पिलाया था। इसके कुछ समय बाद बच्ची अचेत हालत में मिली। जब डॉक्टरों ने बच्ची की जांच की तो उसके गले पर चोट के निशान मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें गला दबाए जाने की बात सामने आई।
ये भी पढ़ें: इंदौर में 20 साल की पोती ने क्रिकेट बेट से पीटकर की दादा की हत्या, कहा-गलत नजर रखते थे, अश्लील हरकत का भी आरोप
वार्ड में मां और दादी ही थीं
पुलिस की जांच में एक अहम बात सामने आई है। घटना के समय SNCU वार्ड में बच्ची के पास उसकी मां और दादी ही मौजूद थीं। पुलिस के मुताबिक, अभी तक बाहर से किसी अज्ञात व्यक्ति के वार्ड में आने का कोई सुराग नहीं मिला है। ऐसे में जांच का दायरा अस्पताल में मौजूद लोगों और घटना के समय की गतिविधियों तक सीमित किया गया है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
SNCU वार्ड के अंदर CCTV कैमरा नहीं लगा है। ऐसे में पुलिस अस्पताल के गलियारों और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय वार्ड के आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे और वहां से कौन अंदर-बाहर हुआ। थाना प्रभारी के मुताबिक, मां और दादी दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। CCTV फुटेज और पूछताछ के आधार पर बच्ची की मौत की पूरी वजह और जिम्मेदार व्यक्ति का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

















