Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

E-HRMS अटेंडेंस के विरोध में कृषि विस्तार अधिकारियों का आंदोलन, बाड़ी में किया प्रदर्शन, अनिवार्य ऑनलाइन उपस्थिति का विरोध

मध्यप्रदेश कृषि विस्तार अधिकारी संघ के आह्वान पर कृषि विस्तार अधिकारियों ने E-HRMS के जरिए अनिवार्य उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है।
E-HRMS अटेंडेंस के विरोध में कृषि विस्तार अधिकारियों का आंदोलन, बाड़ी में किया प्रदर्शन, अनिवार्य ऑनलाइन उपस्थिति का विरोध
E-HRMS अटेंडेंस के विरोध में कृषि विस्तार अधिकारियों का आंदोलन

रायसेन। मध्यप्रदेश कृषि विस्तार अधिकारी संघ के आह्वान पर कृषि विस्तार अधिकारियों ने E-HRMS के जरिए अनिवार्य उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि उनकी नौकरी का बड़ा हिस्सा कार्यालय में बैठकर नहीं, बल्कि किसानों के बीच खेतों में काम करने का है। ऐसे में तय स्थान से ऑनलाइन अटेंडेंस की अनिवार्यता उनके मैदानी काम में परेशानी पैदा कर सकती है।

तीन चरणों में होगा आंदोलन

संघ के तय कार्यक्रम के अनुसार आंदोलन को तीन चरणों में चलाया जा रहा है। 12 से 16 अगस्त तक विकासखंड स्तर, 17 से 20 अगस्त तक जिला स्तर पर विरोध किया जाएगा। इसके बाद 21 अगस्त से प्रदेश स्तर पर कलमबंद हड़ताल शुरू करने की घोषणा की गई है। संघ ने साफ किया है कि मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

बाड़ी में अधिकारियों ने जताया विरोध

इसी कड़ी में विकासखंड बाड़ी में कृषि विस्तार अधिकारियों ने एकजुट होकर E-HRMS अटेंडेंस व्यवस्था के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। अधिकारियों ने शासन से मांग की कि कृषि विस्तार अधिकारियों को अनिवार्य E-HRMS उपस्थिति व्यवस्था से मुक्त किया जाए। अधिकारियों ने कहा कि उनका ज्यादातर काम किसानों के खेतों और ग्रामीण क्षेत्रों में होता है। उन्हें लगातार अलग-अलग स्थानों पर जाकर किसानों की फसलों का निरीक्षण और कृषि संबंधी मार्गदर्शन करना पड़ता है।

खेतों में होता है अधिकारियों का ज्यादातर काम

कृषि विस्तार अधिकारियों के अनुसार उनकी जिम्मेदारियों में किसानों के खेतों का भ्रमण, फसल निरीक्षण, कृषि योजनाओं का क्रियान्वयन और किसानों को तकनीकी सलाह देना शामिल है। इसके अलावा उन्हें कई अन्य मैदानी गतिविधियों में भी शामिल रहना पड़ता है। अधिकारियों का कहना है कि मैदानी काम के दौरान निश्चित स्थान पर ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज करना व्यावहारिक नहीं है।

मांग पूरी होने तक जारी रहेगा संघर्ष

संघ ने कहा कि E-HRMS व्यवस्था से राहत देने की उनकी मांग जायज है। शासन स्तर पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा। अधिकारियों ने एकजुटता ही हमारी ताकत है के संदेश के साथ अपनी मांगों के समर्थन में संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

Buddhi Sharma
By Buddhi Sharma

Latest Posts