महू के शिवनगर में राजस्व शिविर, 119 प्रकरणों का मौके पर निराकरण; किसानों को मिली खसरा-खतौनी की प्रतियां

शिवनगर में आयोजित राजस्व शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया। नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन सहित कुल 119 प्रकरण निपटाए गए। अधिकारियों ने बाईग्राम पहुंचकर कावड़ियों के लिए लगाए सेव
शिविर के दौरान समस्याओं को सुन किया त्वरित निपटारा

तहसील टप्पा सिमरोल के ग्राम शिवनगर स्थित पंचायत भवन में कलेक्टर इंदौर के निर्देशन में राजस्व शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान अपनी राजस्व संबंधी समस्याएं लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया। शिविर में अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य, एसडीएम राकेश परमार, तहसीलदार यशदीप रावत सहित टप्पा सिमरोल क्षेत्र के पटवारी, ग्राम पंचायत शिवनगर के सरपंच, सचिव और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर संबंधित मामलों के निराकरण की प्रक्रिया पूरी कराई।

नामांतरण और सीमांकन समेत 119 मामलों का निराकरण

राजस्व शिविर में अलग-अलग तरह के कुल 119 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इनमें नामांतरण के 55, बंटवारे के 15, नक्शा तरमीम के 4, सीमांकन के 40 और अभिलेख सुधार के 5 प्रकरण शामिल रहे। प्रकरणों के निराकरण के बाद ग्रामीणों को खसरा-खतौनी की प्रतियां और संबंधित आदेश भी मौके पर उपलब्ध कराए गए। इससे ग्रामीणों को संबंधित दस्तावेजों के लिए अलग से कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ी। शिविर में किसानों की फार्मर आईडी भी बनाई गई। इसके अलावा ग्रामीणों से राजस्व संबंधी नए आवेदन भी प्राप्त किए गए, जिन्हें नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए लिया गया।

ये भी पढ़ें: सोहागपुर में CC रोड निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल, पार्षद ने जांच तक काम रोकने की मांग

ग्रामीणों को राजस्व सेवाओं की जानकारी दी

शिविर के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को राजस्व विभाग से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं और सेवाओं की जानकारी भी दी। ग्रामीणों को बताया गया कि राजस्व संबंधी कार्यों के लिए आवश्यक दस्तावेज और प्रक्रिया की जानकारी पहले से होने पर प्रकरणों के निराकरण में आसानी होती है। अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ग्रामीणों और किसानों को पौधे भी वितरित किए। लोगों से पौधों को घरों और आसपास के क्षेत्रों में लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा का संकल्प भी दिलाया गया।

ये भी पढ़ें: Surajpur: हाथी के हमले में बाइक सवार की दर्दनाक मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने 7 घंटे किया चक्काजाम

बाईग्राम में कावड़ यात्रियों के सेवा पंडाल का निरीक्षण

राजस्व शिविर के बाद अधिकारियों ने सावन माह के दौरान बाईग्राम में कावड़ यात्रियों के लिए जिला प्रशासन की ओर से लगाए गए सेवा पंडाल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कावड़ यात्रियों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। सेवा पंडाल में कावड़ यात्रियों के लिए लगातार फलाहारी खिचड़ी और भोजन की व्यवस्था की जा रही है। अधिकारियों ने भोजन व्यवस्था के साथ-साथ यात्रियों के ठहरने के लिए बनाए गए विश्राम पंडाल का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से कावड़ यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने और सेवा पंडाल में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।

Ankit Rathore
By Ankit Rathore

Latest Posts