अस्पताल के OT में प्रेमिका की हत्या : जहरीला इंजेक्शन देकर नर्स नेहा की जेब में रख दिया था फर्जी सुसाइड नोट

मेरठ। जिले के लोहिया नगर स्थित एक अस्पताल में नर्स नेहा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सनसनी फैला दी। नेहा शनिवार सुबह रोज की तरह अस्पताल पहुंची थी, लेकिन दोपहर में ऑपरेशन थिएटर (OT) के अंदर बेसुध मिली। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती घटनाक्रम ने आत्महत्या का संकेत दिया, लेकिन बाद में मामला हत्या का निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी ली तो उसकी जेब से एक कथित सुसाइड नोट और सल्फास की गोलियां बरामद हुईं। नोट में ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए गए थे। हालांकि शुरुआती जांच के दौरान पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल शुरू कर दी।
परिजनों ने लिखावट पर उठाए सवाल, यहीं से बदली जांच की दिशा
मृतका के मायके पक्ष ने सुसाइड नोट को फर्जी बताते हुए उसकी लिखावट पर सवाल खड़े किए। परिजन नेहा की पुरानी कॉपियां और डायरियां लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने जब दोनों लिखावटों का मिलान किया तो स्पष्ट अंतर सामने आया। इसके बाद आत्महत्या की आशंका कमजोर पड़ गई और हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी गई।
ये भी पढ़ें: दिल्ली हाईकोर्ट का फैसला : सोनम वांगचुक को प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट करने से इनकार; पत्नी को मिलने की मिली अनुमति
कॉल डिटेल से सामने आया प्रेम संबंध का सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने नेहा के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाली। इसमें अस्पताल के कर्मचारी सुरेश से उसकी लगातार बातचीत सामने आई। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच कई महीनों से प्रेम संबंध थे और नेहा सुरेश पर शादी का दबाव बना रही थी। इसी बिंदु से जांच को नई दिशा मिली।
शादी के दबाव में रची गई हत्या की साजिश
पुलिस का आरोप है कि शादी के दबाव से बचने के लिए सुरेश ने अपने साथी फरहान के साथ मिलकर नेहा की हत्या की योजना बनाई। आरोप है कि ऑपरेशन थिएटर के भीतर नेहा को जहरीला इंजेक्शन लगाया गया और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसकी जेब में फर्जी सुसाइड नोट और सल्फास की गोलियां रख दी गईं।
ढाई साल पहले पति की हो चुकी थी मौत
पुलिस जांच में सामने आया कि नेहा के पति की करीब ढाई वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। इसके बाद वह निजी अस्पताल में नर्स के रूप में काम कर अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही थी। इसी दौरान उसकी सुरेश से नजदीकियां बढ़ीं, जो बाद में इस सनसनीखेज हत्याकांड की वजह बनीं।
ये भी पढ़ें: रतलाम: पति कैंसर से जूझता रहा, पत्नी ने बिना तलाक की दूसरी शादी; कोर्ट ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट
दो आरोपी गिरफ्तार, वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट का इंतजार
मेरठ पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेश और उसके सहयोगी फरहान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच जारी है। अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद इस हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्य भी सामने आ सकते हैं।












