मथुरा :‘फरसा वाले बाबा’ की मौत पर बवाल, 300 पर FIR दर्ज... 20 लोग गिरफ्तार; हिंदू रक्षा दल के नेता पर भी केस

मथुरा में ‘फरसा वाले बाबा’ चंद्रशेखर दास की ट्रक हादसे में मौत के बाद दिल्ली-आगरा हाईवे पर भारी बवाल हुआ। हजारों समर्थकों ने सड़क जाम कर दी और पुलिस पर पथराव किया। 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 300 के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। घटना में 23 पुलिसकर्मी घायल हुए और कई सरकारी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुईं।
Follow on Google News
‘फरसा वाले बाबा’ की मौत पर बवाल, 300 पर FIR दर्ज... 20 लोग गिरफ्तार; हिंदू रक्षा दल के नेता पर भी केस
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से प्रसिद्ध गौसेवक  चंद्रशेखर दास की मौत के बाद इलाके में हालात अचानक बिगड़ गए। शनिवार को एक ट्रक हादसे में उनकी मौत के बाद गुस्साए समर्थकों ने दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे जाम कर दिया। भीड़ को हटाने पहुंची पुलिस पर पथराव किया गया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए और सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया।

    घटना के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक करीब 20 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं 300 से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि, स्थिति अब नियंत्रण में है और आगे भी उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

    हादसे में हुई ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत

    पुलिस के अनुसार, 57 वर्षीय चंद्रशेखर दास शनिवार सुबह कोसीकलां इलाके के पास एक सड़क हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि, वे गौतस्करी  के शक में एक ट्रक की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह एक सड़क दुर्घटना थी और कम दृश्यता के कारण ट्रक चालक उन्हें देख नहीं पाया। हालांकि बाबा के समर्थक इस बात को मानने के लिए तैयार नहीं हैं। उनका आरोप है कि यह गोतस्करों की साजिश थी और बाबा की जानबूझकर हत्या की गई है।

    /img/10/1774089880159

    मौत की खबर फैलते ही हाईवे पर जुटी भीड़

    चंद्रशेखर दास की मौत की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों से हजारों लोग दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर जमा हो गए। समर्थकों ने बाबा का शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। दिल्ली-आगरा हाईवे देश के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है, ऐसे में जाम के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

    स्थिति तब और संवेदनशील हो गई जब उसी समय देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर गोवर्धन क्षेत्र में मौजूद थीं। प्रशासन के लिए यह स्थिति चुनौतीपूर्ण बन गई।

    पथराव में 23 पुलिसकर्मी घायल

    जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर सड़क खाली कराने की कोशिश की तो स्थिति अचानक बिगड़ गई। भीड़ ने पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पथराव में 23 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल अधिकारियों में कई थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। भीड़ ने कई सरकारी वाहनों में भी तोड़फोड़ की। पुलिस के मुताबिक, उपद्रवियों ने एसपी देहात, एडीएम प्रशासन और एसडीएम की सरकारी गाड़ियों के अलावा कई पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके साथ ही 50 से ज्यादा आंसू गैस के गोले छोड़े गए और रबर बुलेट व स्मोक ग्रेनेड का इस्तेमाल किया गया।

    Featured News

    मौके से बाइक और कारतूस बरामद

    पुलिस ने बवाल वाली जगह से कई संदिग्ध सामान भी बरामद किए हैं। घटनास्थल से 15 बाइक और 315 तथा 312 बोर के तमंचों के खाली कारतूस मिले हैं। इसके अलावा डंडे, ईंट-पत्थर और अन्य हथियार भी बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल हिंसा के दौरान किया गया था। पुलिस का कहना है कि, इन सबूतों के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

    300 लोगों के खिलाफ FIR

    इस मामले में पुलिस ने कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। छाता कोतवाली में दर्ज पहली एफआईआर में 23 नामजद समेत करीब 300 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इन पर नए आपराधिक कानून बीएनएस की कई धाराओं के साथ-साथ सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम और आईटी एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया गया है।

    नामजद आरोपियों में गौरव उर्फ भूरा, नरेश, हिमांशु, पवन, कपिल शर्मा, धर्मेंद्र, विष्णु, अनुज, शनि, केशव, अरुण, अमन, सुभाष, सीताराम, भोला पंडित, योगेश, मुकेश गोस्वामी, महेश चौधरी, वीरेंद्र और हरिओम लाहौर समेत अन्य लोग शामिल हैं।

    Mathura Farsa Wale Baba Murder

    हिंदू रक्षा दल के नेता पर भी केस

    दूसरी एफआईआर बरसाना थाने में दर्ज की गई है। यह केस हिंदू रक्षा दल से जुड़े दक्ष चौधरी और उनके साथियों के खिलाफ दर्ज किया गया है। पुलिस का आरोप है कि, इन लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाकर माहौल को भड़काया। इस मामले में दक्ष चौधरी, अक्कू पंडित, सचिन, रितेशपाल और डॉक्टर प्रकाश सिंह को आरोपी बनाया गया है।

    20 लोगों को किया गया गिरफ्तार

    पुलिस ने इस मामले में अब तक 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार लोगों में दक्ष चौधरी और उसके कई साथी शामिल हैं। सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस श्लोक कुमार के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का मेडिकल कराने के बाद उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

    यह भी पढ़ें: कौन थे ‘फरसा वाले बाबा’? गौरक्षकों की बनाई फौज, 15 किलो का फरसा लेकर करते थे गौतस्करों का पीछा

    बाबा के समर्थकों की ओर से भी FIR

    इस मामले में सिर्फ पुलिस की ओर से ही नहीं, बल्कि बाबा के समर्थकों की तरफ से भी मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल ने अज्ञात गोतस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि चंद्रशेखर दास की हत्या की गई है। इसके अलावा बाबा के शिष्य हरिओम की शिकायत पर राजस्थान नंबर के ट्रक चालक खुर्शीद खान के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।

    प्रशासन ने मान लीं समर्थकों की मांगें

    घटना के बाद प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत हुई। समर्थकों ने बाबा के लिए स्मारक बनाने और गौशाला की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। जिला अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने भरोसा दिलाया कि आजनौंख गांव की गौशाला में चंद्रशेखर दास की याद में स्मारक बनाया जाएगा। इसके अलावा वहां स्थायी पुलिस चौकी भी स्थापित की जाएगी ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न हो।

    Breaking News

    बिना पोस्टमार्टम के हुआ अंतिम संस्कार

    प्रशासन ने बताया कि समर्थकों की मांग को देखते हुए शनिवार को ही चंद्रशेखर दास का अंतिम संस्कार कर दिया गया। यह अंतिम संस्कार बिना पोस्टमार्टम के किया गया और उस दौरान प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।

    कौन थे ‘फरसा वाले बाबा’

    चंद्रशेखर दास को इलाके में ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से जाना जाता था। वे कई सालों से गौसेवा से जुड़े हुए थे और मथुरा के छाता क्षेत्र के आजनौंख गांव में रहते थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाबा गायों की रक्षा के लिए हमेशा आगे रहते थे। जब भी कहीं गोवंश से जुड़ी कोई समस्या होती, लोग उन्हें सूचना देते थे। धीरे-धीरे वे इलाके में गौसेवा के लिए प्रसिद्ध हो गए।

    यह भी पढ़ें: हत्या या हादसा? ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत पर उठे सवाल, समर्थकों का हाईवे जाम; आरोप- गौतस्करों ने ट्रक से कुचलकर मारा

    बचपन में ही बन गए थे बाबा

    चंद्रशेखर दास के बड़े भाई केशव सिंह के अनुसार, चंद्रशेखर ने बहुत कम उम्र में ही सन्यास का रास्ता चुन लिया था। वे मूल रूप से फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज क्षेत्र के रहने वाले थे और करीब 10 साल की उम्र में ही बाबा बन गए थे। उन्होंने कभी शादी नहीं की और अपना पूरा जीवन गायों की सेवा में समर्पित कर दिया।

    गौतस्करों में था खौफ

    स्थानीय लोगों का कहना है कि फरसा वाले बाबा का गौतस्करों में इतना खौफ था कि, उनके इलाके में आते ही तस्कर अवैध रूप से ले जाए जा रहे गोवंश को छोड़कर भाग जाते थे। यही वजह थी कि उनके समर्थकों की संख्या लगातार बढ़ती गई।

    सोशल मीडिया पर भी बड़ी फॉलोइंग

    फरसा वाले बाबा सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय थे। उनकी टीम के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लाखों फॉलोअर्स थे।

    • इंस्टाग्राम - 92 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स
    • यूट्यूब - करीब 1.71 लाख सब्सक्राइबर
    • फेसबुक - लगभग 58 हजार फॉलोअर्स

    इन सभी प्लेटफॉर्म पर ‘टीम फरसा वाले बाबा’ नाम से अकाउंट चलाए जाते थे।

    इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

    घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, हालात अब पूरी तरह नियंत्रण में हैं, लेकिन किसी भी तरह की अफवाह या हिंसा को रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts