मंडला में नारियल दुकानदार की संदिग्ध मौत, कनपटी पर मिले चोट के निशान

मंडला के महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित संगम घाट पर नारियल की दुकान चलाने वाले 55 वर्षीय राजकुमार उर्फ रज्जू नंदा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार सुबह उनका शव दुकान के अंदर लहूलुहान हालत में मिला। उनकी कनपटी पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस को हत्या की आशंका है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
भतीजे ने दुकान में देखा लहूलुहान
रज्जू नंदा रोजाना अपनी दुकान में ही सोते थे। शनिवार सुबह उनके भतीजे अंकित नंदा दुकान पर पहुंचे। वहां उन्होंने रज्जू को लहूलुहान हालत में देखा। उन्होंने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
घटना की जानकारी मिलते ही महाराजपुर थाना प्रभारी डॉ. जय सिंह यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मौत के कारणों और घटना से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
कई लोगों की बचाई थी जान
रज्जू नंदा गोताखोर होने के साथ नाव संघ के अध्यक्ष भी थे। उन्होंने नर्मदा नदी में डूबने वाले कई लोगों की जान बचाई थी। उनके इस काम के लिए प्रशासन की ओर से उन्हें कई बार सम्मानित भी किया गया था। उनकी संदिग्ध मौत की खबर से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।




















