जिला अस्पताल में पार्किंग शुल्क मांगने पर फायरिंग, आरोपी गिरफ्तार; कट्टा, कारतूस और बाइक जब्त

मध्यप्रदेश के भिंड जिला अस्पताल परिसर में पार्किंग शुल्क को लेकर हुआ विवाद फायरिंग तक पहुंच गया। आरोप है कि पार्किंग कर्मचारियों से विवाद के बाद एक युवक ने कट्टे से हवाई फायर किया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर .315 बोर का कट्टा, एक जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल भी जब्त की है। वहीं, कलेक्टर पवन कुमार जैन ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
पार्किंग शुल्क मांगने पर हुआ विवाद, फिर की हवाई फायरिंग
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात भिंड जिला अस्पताल के मोटरसाइकिल स्टैंड पर पार्किंग शुल्क मांगने को लेकर कर्मचारी और आरोपी के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक ने कट्टे से हवाई फायर कर दिया। इसके बाद वह मौके से भाग निकला। घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन राजपूत के निर्देशन में आरोपी की तलाश की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक अनीता गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 25 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जिलेवार सिंह पुत्र करू सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी कृष्णा कॉलोनी, देहात थाना क्षेत्र, भिंड का निवासी बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, .315 बोर का कट्टा और एक जिंदा कारतूस जब्त किया गया। मामले में अपराध क्रमांक 546/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 125, 296(बी) और आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
कलेक्टर ने अस्पताल का निरीक्षण कर दिए सुरक्षा के निर्देश
फायरिंग की घटना के बाद कलेक्टर पवन कुमार जैन जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज देखकर संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम मजबूत करने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल में हर दिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन आते हैं, इसलिए परिसर में सुरक्षित माहौल बनाए रखना जरूरी है।




















