मैहर में स्कॉर्पियो-बाइक की भीषण टक्कर, माइक्रो फाइनेंस मैनेजर समेत दो युवकों की मौत

मैहर। मैहर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर तमस नदी पुल पर रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। मृतकों में एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर और दूसरे कोलियरी में सुपरवाइजर थे।
तमस नदी पुल पर आमने-सामने भिड़े वाहन
जानकारी के अनुसार हादसा रविवार रात करीब 10:30 बजे हुआ। बाइक क्रमांक MP 20 X 2815 पर सवार दोनों युवक मैहर से अमरपाटन-रीवा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रीवा की तरफ से मैहर आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक UP 37 F 9818 से तमस नदी पुल पर उनकी सीधी टक्कर हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को मर्चुरी में रखवाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है।
ट्रेन में हुई थी मुलाकात, साथ निकले थे दोनों युवक
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शिवम बाथरे (28), निवासी शाहपुरा भिटौनी, जबलपुर और सुजीत कोल (32), निवासी मौहारी सेमरिया, रामपुर बघेलान, सतना के रूप में हुई है। शिवम अमरपाटन स्थित स्वतंत्र माइक्रो फाइनेंस कंपनी में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। बताया गया कि वह छुट्टी बिताने के बाद ट्रेन से जबलपुर से मैहर लौटे थे। उनकी बाइक मैहर रेलवे स्टेशन पर खड़ी थी। ट्रेन में सफर के दौरान उनकी मुलाकात सुजीत कोल से हुई थी। इसके बाद दोनों बाइक से अमरपाटन के लिए रवाना हुए लेकिन रास्ते में तमस नदी पुल पर हादसे का शिकार हो गए।
ये भी पढ़ें: सीहोर: 151 मीटर की चुनरी यात्रा पर होगी हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा
शिवम के घर 15 दिन पहले गूंजी थी किलकारी
इस हादसे ने शिवम के परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है। वह परिवार के इकलौते बेटे थे और वर्ष 2024 में उनकी शादी हुई थी। परिवार में अभी खुशियों का माहौल था, क्योंकि महज 15 दिन पहले ही उनके घर बेटे का जन्म हुआ था। दूसरे मृतक सुजीत कोल अंबिकापुर की एक कोलियरी में सुपरवाइजर के रूप में काम करते थे। वह भी एक बच्ची के पिता थे। दोनों परिवारों पर इस हादसे से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ये भी पढ़ें: सीहोर में खूनी साजिश का पर्दाफाश! कार से कुचलकर की थी कपिल की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
स्कॉर्पियो सवारों की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और फरार लोगों की तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदार लोगों के बारे में आगे की जानकारी पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।




















