सोहागपुर में नवरात्र की धूम, 36 जगहों पर लगी मां दुर्गा की प्रतिमाएं; मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़
सोहागपुर। नवरात्र शुरू होते ही देवीधाम सलकनपुर जाने वाले पैदल श्रद्धालुओं की आवाजाही भी बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने पदयात्रियों को सड़क से नीचे सुरक्षित स्थान पर चलने और रात्रि विश्राम के लिए बनाए गए पंडालों में रुकने की सलाह दी है। वहीं, दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
सलकनपुर पदयात्रियों से सावधानी बरतने की अपील
देवीधाम सलकनपुर में मां विजयासन के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हैं। नवरात्र शुरू होने से पहले ही सलकनपुर जाने वाले मार्ग पर पदयात्रियों की आवाजाही दिखाई देने लगी थी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एसडीएम डॉ. बबीता राठौर और एसडीओपी अरविंद साहा ने क्षेत्र के धर्मावलंबियों एवं पदयात्रियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि पिपरिया-नर्मदापुरम मार्ग पर वाहनों का आवागमन अधिक रहता है, इसलिए श्रद्धालुओं को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
ये भी पढ़ें: सिवनी के जम्बो सीताफल की साख बचाने की अपील, कच्चे फल तोड़ने और बेचने से बचें किसान
रात में भारी वाहनों से दुर्घटना का खतरा
अधिकारियों के अनुसार, पिपरिया-नर्मदापुरम मार्ग पर विशेषकर रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही के कारण पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। टीआई गिरीश त्रिपाठी ने अपील करते हुए कहा कि पदयात्री सड़क पर वाहनों के बीच चलने के बजाय सड़क से नीचे सुरक्षित स्थान पर चलें। उन्होंने रात्रि विश्राम के लिए विभिन्न स्थानों पर बनाए गए पंडालों और प्रसादी वितरण केंद्रों पर रुकने की सलाह दी है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धार्मिक आस्था के साथ अपनी सुरक्षा को भी प्राथमिकता देने की अपील की है, ताकि नवरात्र के दौरान यात्रा सुरक्षित बनी रहे।
शहरी क्षेत्र में 36 स्थानों पर देवी प्रतिमाओं की स्थापना
शारदीय नवरात्र के अवसर पर सोहागपुर नगर में धार्मिक आयोजन शुरू हो गए हैं। पुलिस की ओर से एएसआई गणेश राय के अनुसार, शहरी क्षेत्र में 36 स्थानों पर देवी प्रतिमाएं विराजित की गई हैं। वहीं, सोहागपुर के साथ शोभापुर और सेमरी हरचंद को मिलाकर देवी प्रतिमाओं की कुल संख्या लगभग 56 बताई गई है। नगर और आसपास के क्षेत्रों में पूजा समितियों के सदस्य पंडालों को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने में जुटे हैं।
पंडालों और प्रमुख मार्गों पर विद्युत सज्जा
नगर में देवी प्रतिमाओं की स्थापना के साथ पंडालों को आकर्षक बनाने का काम किया जा रहा है। पंडालों के साथ आसपास की गलियों और प्रमुख मार्गों पर भी विशेष विद्युत सज्जा की जा रही है। रंग-बिरंगी रोशनी से सजे पंडाल नवरात्र के उत्सवी माहौल को और आकर्षक बना रहे हैं। आने वाले दिनों में धार्मिक कार्यक्रमों और देवी दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने की संभावना है।
दुर्घटनाओं पर अंकुश के लिए पुलिस की चेकिंग
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। पुलिस की चेकिंग के जरिए वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमों का पालन करने की अपील की है।
प्रमुख मोड़ों पर धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह
एसडीएम डॉ. बबीता राठौर ने पदयात्रियों और वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख मोड़ों, तिराहों और चौराहों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने प्राचीन शिव-पार्वती मंदिर से पहले आने वाले मोड़, नवीन पुलिस थाने से पहले के मोड़ तथा जायसवाल पेट्रोल पंप के पास वाले मोड़ सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि कई बार मोड़ों पर तेज रफ्तार वाहन दुर्घटनाओं का कारण बन जाते हैं, इसलिए वाहन चालकों को गति नियंत्रित रखते हुए सावधानीपूर्वक वाहन चलाना चाहिए। प्रशासन ने अपील की है कि नवरात्र का पर्व श्रद्धा, उल्लास और शांति के साथ मनाएं तथा पदयात्रियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करते हुए सहयोग करें।






















