Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मढ़ई के गेट खुले, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में लौटी रौनक; पर्यटकों का फूलों से हुआ स्वागत

विश्व पर्यटन मानचित्र पर स्थापित हो चुके सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के मढ़ई पर्यटन क्षेत्र में नए पर्यटन सत्र की शुरुआत हो गई है। 1 अक्टूबर से पर्यटकों के लिए मढ़ई के प्रवेश द्वार खोल दिए गए हैं और जंगल सफारी के साथ प्राकृतिक पर्यटन की गतिविधियां फिर शुरू हो गई हैं।
मढ़ई के गेट खुले, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में लौटी रौनक

सोहागपुर। पर्यटन सत्र के पहले दिन मढ़ई पहुंचे पर्यटकों का सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के अधिकारियों और कर्मचारियों ने गुलाब के फूल भेंट कर स्वागत किया। पहले दिन ही सभी सफारी वाहनों की बुकिंग फुल रही और दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों से पर्यटक पहुंचे। सफारी के दौरान पर्यटकों को सांभर, चीतल, बायसन, नीलगाय और भालू सहित कई वन्यजीव देखने का मौका मिला।

फूल भेंट कर पर्यटकों का किया स्वागत

मढ़ई के प्रवेश द्वार खुलने के साथ ही जंगल सफारी और प्राकृतिक पर्यटन की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। पहले दिन यहां पहुंचे पर्यटकों का एसटीआर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्प भेंट कर भावभीना स्वागत किया। डिप्टी डायरेक्टर ऋषिभा सिंह नेताम, एसडीओ शिवप्रसाद मैथानी, रेंजर राहुल उपाध्याय, बफर रेंजर विलासराव डोगरे, डिप्टी रेंजर अनिल मालवीय और नरपत अलावा सहित विभागीय अमले ने पर्यटकों को गुलाब के फूल भेंट कर जंगल सफारी के लिए रवाना किया।

ये भी पढ़ें: सोहागपुर में खंडहरनुमा सरकारी आवास में मिला 2-3 दिन पुराना शव, आधार-पैन कार्ड से हुई मृतक की पहचान

पहले दिन सभी सफारी वाहनों की बुकिंग फुल

मढ़ई की नैसर्गिक खूबसूरती और वन्यजीवों की गतिविधियों को करीब से देखने के आकर्षण के चलते पर्यटन सत्र के पहले ही दिन पर्यटकों में खासा उत्साह नजर आया। प्रबंधन के अनुसार पहले दिन की सभी सफारी गाड़ियों की बुकिंग पहले ही हो चुकी थी। दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों से पर्यटक मढ़ई पहुंचे और जंगल की खूबसूरती का आनंद लिया।

जंगल में सांभर, चीतल और बायसन दिखे

दिल्ली से 10 लोगों के दल के साथ पहली बार मढ़ई पहुंचे विनोद कराते ने बताया कि सतपुड़ा का मढ़ई क्षेत्र अद्भुत है। यहां प्राकृतिक सुंदरता के साथ वन संपदा और वन्यजीवों की विविधता पर्यटकों को आकर्षित करती है। सफारी के दौरान पर्यटकों को सांभर, चीतल, बायसन, नीलगाय और भालू सहित विभिन्न वन्यजीवों को देखने का अवसर मिला। कुछ पर्यटकों द्वारा बाघ के दीदार किए जाने की जानकारी भी सामने आई।

Breaking News

नन्ही गिलहरी से वन्यजीव संरक्षण का संदेश

वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए बफर क्षेत्र में साइकिल के माध्यम से नन्ही गिलहरी की आवाज लोगों तक पहुंचाने की पहल की जा रही है। इसका उद्देश्य पर्यटकों और आमजन को वन्यजीवों और जंगल के संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। विनोद कराते ने कहा कि पहली बार किसी पर्यटन क्षेत्र में पर्यटकों का इस तरह स्वागत देखकर अच्छा लगा। उन्होंने सफारी के दौरान वन्यजीवों को बिना डरे विचरण करते देखना अलग अनुभव बताया।

ये भी पढ़ें: सोहागपुर में सफाईमित्रों का सम्मान, सुरक्षा शिविर का आयोजन; वाहन चालकों और हेल्परों को मिले नमस्ते आईडी कार्ड

चार पुरानी गाड़ियों की जगह नई गाड़ियां

डिप्टी डायरेक्टर ऋषिभा सिंह नेताम ने बताया कि मढ़ई पर्यटन क्षेत्र को और अधिक सुंदर और पर्यटक-अनुकूल बनाने के लिए प्रयास किए गए हैं। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे अपने साथ लाई गई किसी भी वस्तु को जंगल में न फेंकें और वन क्षेत्र की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। इस पर्यटन सत्र में चार पुरानी गाड़ियों को हटाकर नई गाड़ियां लगाई गई हैं। पर्यटकों के लिए मोबाइल फोन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा, जबकि वे अपने साथ कैमरा ले जा सकेंगे।

Neelam Tiwari
By Neelam Tiwari

नीलम तिवारी - सोहागपुर के वरिष्ठ पत्रकार, 40 वर्षों से निष्पक्ष, जनसरोकार और ग्रामीण मुद्दों की निर्...Read More

Latest Posts