दहेज विवाद या आत्महत्या?शादी के 4 दिन बाद दुल्हन की हालत गंभीर, ICU में एडमिट; दोनों पक्षों के अलग दावे

ग्वालियर में एक नवविवाहिता के आत्महत्या के प्रयास ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लक्ष्मणगढ़ इलाके की रहने वाली सपना कंसाना इस समय अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। घटना को लेकर ससुराल और मायके पक्ष के अलग-अलग दावे सामने आए हैं।
अस्पताल में भर्ती, वेंटिलेटर पर सपना
घटना के बाद सपना को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वह वेंटिलेटर पर है और अभी तक होश में नहीं आई है। इसी वजह से घटना के पांच दिन बाद भी उसका बयान दर्ज नहीं हो सका है।
4 दिन पहले हुई थी शादी
सपना की शादी 24 अप्रैल को सौरभ सिंह गुर्जर से हुई थी। मायके वालों का कहना है कि शादी में करीब 8 लाख रुपये नकद और घरेलू सामान दिया गया था। उनका आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद ससुराल पक्ष ने स्कॉर्पियो कार की मांग शुरू कर दी और सपना को परेशान किया जाने लगा।

ससुराल पक्ष का दावा: आत्महत्या की कोशिश
ससुराल वालों के मुताबिक, 28 अप्रैल की शाम सपना ने बाथरूम में कपड़े टांगने वाली खूंटी से फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। उनका कहना है कि खूंटी टूट जाने से वह नीचे गिर गई और उसकी जान बच गई। उन्होंने यह भी कहा कि समय रहते उसे बचा लिया गया।
ये भी पढ़ें: अचानक सारे मोबाइल पर आया भारत सरकार का अलर्ट, जानें क्या है ये टेस्टिंग?
मायके पक्ष का आरोप: हत्या की कोशिश
घटना के दो दिन बाद जब सपना के मायके वाले भिंड जिले के गोरमी से पहुंचे, तो उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि दहेज में स्कॉर्पियो कार की मांग पूरी न होने पर सपना के पति, सास-ससुर ने उसका गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की।
पुलिस जांच जारी, बयान का इंतजार
सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार के अनुसार, पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि मामला आत्महत्या का प्रयास है या इसके पीछे कोई साजिश है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
होश में आने के बाद साफ होगी तस्वीर
पुलिस का कहना है कि सपना के होश में आने के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी। फिलहाल मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। वहीं, एसएसपी धर्मवीर सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त जांच के निर्देश दिए हैं।











