'सॉरी, मैं शादी में शामिल नहीं हो पाऊंगा'...इतना कहकर 16 साल के किशोर ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। अन्ना नगर, बीएचईएल इलाके में रहने वाले 16 साल के किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार में 18 जून को उसकी बहन की शादी होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही घर में मातम पसर गया।
पिता और बहन से फोन पर कही आखिरी बात
मृतक की पहचान करण (16) के रूप में हुई है। पिता मौहर सिंह के मुताबिक, रविवार सुबह करण ने फोन पर उनसे और अपनी बहन से बात की थी। बातचीत के दौरान उसने कहा, ‘सॉरी, मैं शादी में शामिल नहीं हो पाऊंगा।’ इसके बाद परिवार ने दोबारा उसे फोन लगाया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया। कुछ देर बाद छोटे बेटे ने घटना की जानकारी दी।
कमरे में फंदे से लटका मिला शव
परिजनों के घर पहुंचने पर करण अपने कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। पिता ने बताया कि उनके भोपाल में दो घर हैं और घटना के समय परिवार के बाकी सदस्य अशोका गार्डन स्थित दूसरे घर में थे।
दूध बांटने का काम करता था करण
जानकारी के अनुसार, करण 9वीं तक पढ़ा था और सुबह दुकानों पर दूध पहुंचाने वाली गाड़ी में काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
गोविंदपुरा थाना पुलिस ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटनास्थल से करण का मोबाइल फोन मिला है, जो डिस्चार्ज था। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।











