स्मार्टफोन से लोन लेने से पहले कर लें ये 5 जांच, वरना फंस सकता है पैसा और निजी डेटा

स्मार्टफोन से कुछ ही मिनट में लोन मिलने की सुविधा ने जरूरत के समय पैसे जुटाना आसान कर दिया है। लेकिन इसी सुविधा के साथ फर्जी और अनऑथराइज्ड Loan Apps का खतरा भी बढ़ा है। कई ऐप आकर्षक ऑफर और तुरंत लोन का दावा करके लोगों को अपने जाल में फंसा सकते हैं। इसके बाद भारी ब्याज, छिपे हुए चार्ज और निजी डेटा के गलत इस्तेमाल जैसी परेशानियां सामने आ सकती हैं।
Loan App डाउनलोड करने से पहले ये 5 चीजें जरूर जांचें
1. सबसे पहले पता करें कि लोन कौन दे रहा है
किसी भी Loan App को डाउनलोड करने से पहले यह पता करें कि ऐप किस बैंक या RBI-रेगुलेटेड NBFC से जुड़ा है। ऐप या उसकी वेबसाइट पर लेंडर का नाम, पता, कस्टमर केयर नंबर और अन्य संपर्क जानकारी उपलब्ध है या नहीं, इसकी जांच करें। सिर्फ ऐप का नाम, आकर्षक विज्ञापन या बड़े-बड़े लोन ऑफर देखकर भरोसा न करें। असली सवाल यह है कि आपके पैसे का लेंडर कौन है और वह रेगुलेटेड है या नहीं।
2. बिना KYC तुरंत लोन का दावा दिखे तो सावधान हो जाएं
अगर कोई ऐप बिना पर्याप्त KYC, बिना जरूरी जांच या बेहद कम समय में लोन अप्रूव करने का दावा करता है, तो सावधानी बरतें। तुरंत लोन, बिना डॉक्यूमेंट लोन या बेहद आसान अप्रूवल जैसे ऑफर देखकर जल्दबाजी में अपनी व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी शेयर न करें। लोन लेने से पहले यह समझें कि पैसा कौन दे रहा है उसकी रेगुलेटरी स्थिति क्या है और लोन की कुल लागत कितनी होगी।
3. ऐप कौन-कौन सी परमिशन मांग रहा है?
Loan App डाउनलोड करते समय मोबाइल परमिशन को ध्यान से देखना बेहद जरूरी है। अगर कोई ऐप कॉन्टेक्ट, कॉल लॉग, फोटो, SMS, कैमरा या लोकेशन जैसी संवेदनशील जानकारी का एक्सेस मांगता है, तो इसे गंभीरता से लें। सामान्य लोन प्रक्रिया के लिए इतनी संवेदनशील जानकारी की जरूरत क्यों है, इस सवाल का जवाब जरूर तलाशें। फर्जी Loan Apps इसी तरह मोबाइल डेटा तक पहुंच हासिल कर सकते हैं। बाद में इसी जानकारी का इस्तेमाल ग्राहक को परेशान करने या ब्लैकमेल करने के लिए किया जा सकता है। उदाहरण के तौर पर कुछ संदिग्ध ऐप लोकेशन, कैमरा और SMS जैसी परमिशन मांग सकते हैं। ऐप को ऐसी अनुमति देने से पहले यह जरूर जांचें कि वास्तव में उस सुविधा के लिए उस परमिशन की जरूरत है या नहीं।
4. सिर्फ ब्याज दर नहीं, APR और कुल लागत देखें
लोन लेते समय केवल ब्याज दर देखकर फैसला करना सही नहीं है। आपको APR यानी Annual Percentage Rate और लोन की पूरी लागत को समझना चाहिए। कई बार प्रोसेसिंग फीस, प्लेटफॉर्म फीस, पेनल्टी और दूसरे चार्ज के कारण लोन की वास्तविक लागत बढ़ सकती है। इसलिए आवेदन करने से पहले यह देखें कि लोन की अवधि पूरी होने तक आपको कुल कितना पैसा चुकाना होगा।
इसके अलावा इन बातों को भी जरूर जांचें:
- EMI कितनी होगी?
- रीपेमेंट शेड्यूल क्या है?
- लोन टेन्योर कितना है?
- प्रोसेसिंग फीस और दूसरे चार्ज कितने हैं?
- देरी होने पर पेनल्टी कितनी लगेगी?
यानी सिर्फ कितना ब्याज है? नहीं, बल्कि कुल कितना पैसा वापस करना होगा? यह सवाल ज्यादा महत्वपूर्ण है।
5. ठगी होने पर तुरंत शिकायत करें
अगर आपको लगता है कि किसी Loan App के जरिए आपके साथ धोखाधड़ी हुई है, तो इंतजार न करें। तुरंत अपने बैंक या पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर को इसकी जानकारी दें।
साइबर फ्रॉड की स्थिति में 1930 पर कॉल कर सकते हैं या cybercrime.gov.in के जरिए शिकायत दर्ज करा सकते हैं। घटना से जुड़े जरूरी सबूत भी सुरक्षित रखें। इनमें पेमेंट की रसीद, स्क्रीनशॉट, चैट, फोन नंबर और अन्य रिकॉर्ड शामिल हो सकते हैं। संदिग्ध ऐप की अनावश्यक परमिशन बंद करें और उसे फोन से हटा दें। जरूरत पड़ने पर अपने बैंकिंग पासवर्ड और दूसरी जरूरी सुरक्षा जानकारी भी बदलें।
ये भी पढ़ें: UPI पेमेंट पर संकट! 15 सितंबर तक री-केवाईसी नहीं हुई तो ब्लॉक हो सकते हैं मर्चेंट अकाउंट
विज्ञापन देखकर डाउनलोड न करें ऐप
लोन की जरूरत पड़ने पर लोग अक्सर Google या सोशल मीडिया पर विकल्प तलाशते हैं। इसी दौरान उन्हें कुछ ही मिनट में एक तय रकम का लोन देने वाले आकर्षक विज्ञापन दिखाई दे सकते हैं। लेकिन किसी विज्ञापन में दिखना या Google Play Store जैसे प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होना अपने आप में यह साबित नहीं करता कि कोई Loan App वैध है। कुछ फर्जी ऐप सामान्य दिखने वाले नाम और प्रोफाइल का इस्तेमाल करके लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश कर सकते हैं। इसलिए ऐप डाउनलोड करने से पहले उसके पीछे मौजूद लेंडर की पहचान और रेगुलेटरी स्थिति की अलग से जांच करें।
SMS या लिंक के जरिए आए Loan App से रहें सावधान
कुछ मामलों में स्कैमर्स पहचान सत्यापित करने के नाम पर SMS के जरिए वेरिफिकेशन कोड मांग सकते हैं। वहीं किसी वेब पोर्टल या मैसेज के जरिए संपर्क करने पर ऐप डाउनलोड करने के लिए लिंक भेजा जा सकता है। ऐसे अनजान लिंक से ऐप डाउनलोड करने से बचें। ऐप इंस्टॉल करने के बाद अगर उसे कॉन्टेक्ट, फोटो, SMS, कैमरा या लोकेशन जैसी संवेदनशील जानकारी का एक्सेस मिल जाता है, तो यह डेटा बाद में धमकी या ब्लैकमेल के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। कुछ मामलों में लोगों पर बहुत कम समय में भुगतान करने का दबाव बनाया जाता है। भुगतान न करने पर परिवार या परिचितों को फोन करने की धमकी भी दी जा सकती है।
ये भी पढ़ें: GTA 6 का जबरदस्त क्रेज, Netflix पर 4 दिन में 31.1 मिलियन Views; ट्रेलर ने मचाया तहलका
Loan App डाउनलोड करने से पहले याद रखें ये चेकलिस्ट
- ऐप किस बैंक या RBI-रेगुलेटेड NBFC से जुड़ा है, इसकी जांच करें।
- लेंडर का नाम, पता, कस्टमर केयर नंबर और ईमेल देखें।
- अनजान SMS या WhatsApp लिंक से Loan App डाउनलोड न करें।
- ऐप केवल आधिकारिक ऐप स्टोर से डाउनलोड करें।
- कॉन्टेक्ट, गैलरी, कैमरा और SMS जैसी संवेदनशील परमिशन ध्यान से जांचें।
- बिना KYC तुरंत लोन देने वाले दावों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।
- सिर्फ ब्याज दर नहीं, APR और लोन की कुल लागत देखें।
- EMI, लोन टेन्योर और रीपेमेंट शेड्यूल पहले समझ लें।
- ठगी होने पर 1930 या cybercrime.gov.in पर तुरंत शिकायत करें।
डिजिटल लोन सुविधाजनक जरूर है लेकिन जल्दबाजी में लिया गया गलत फैसला आर्थिक नुकसान के साथ आपकी निजी जानकारी के लिए भी खतरा बन सकता है। इसलिए लोन लेने से पहले लेंडर की पहचान, ऐप की परमिशन और लोन की पूरी लागत की जांच करना सबसे जरूरी है।




















