Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

एअर इंडिया ने पायलट को नौकरी से निकाला, ड्रग टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद गिरी गाज

एयर इंडिया ने फुकेट-दिल्ली फ्लाइट के पायलट इन कमांड को ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद नौकरी से निकाल दिया है। यह वही फ्लाइट थी, जिसकी ओडिशा के ऊपर उड़ान के दौरान ऊंचाई अचानक करीब 300 फीट कम हो गई थी। घटना में कई यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।
एअर इंडिया ने पायलट को नौकरी से निकाला, ड्रग टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद गिरी गाज
एअर इंडिया ने पायलट को नौकरी से निकाला

फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2379 में 4 अगस्त को हुई गंभीर घटना के बाद एयरलाइन ने पायलट-इन-कमांड के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एअर इंडिया के मुताबिक, पायलट का साइकोएक्टिव सब्सटेंस के लिए किया गया टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है। एयरलाइन ने सुरक्षा, फिटनेस और नियामकीय नियमों के उल्लंघन को लेकर अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पायलट की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी है।

एएआईबी की प्रारंभिक रिपोर्ट के बाद कार्रवाई

यह कार्रवाई एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो यानी AAIB की प्रारंभिक रिपोर्ट सामने आने के बाद हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, पायलट-इन-कमांड के कन्फर्मेटरी टेस्ट में साइकोएक्टिव सब्सटेंस के लिए नॉन-नेगेटिव नतीजा आया था। एएआईबी ने इसे गंभीर चिंता का विषय माना था और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी DGCA से प्राथमिकता के आधार पर उचित कार्रवाई की सिफारिश की थी। हालांकि, घटना की विस्तृत जांच अभी जारी है और अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है।

क्रूज के दौरान अचानक 300 फीट नीचे आया विमान

4 अगस्त को एअर इंडिया का एयरबस A320 विमान VT-EXO फुकेट से दिल्ली के लिए उड़ान पर था। क्रूज फेज के दौरान विमान की ऊंचाई अचानक करीब 300 फीट कम हो गई थी। इस घटना में कम से कम 17 यात्रियों और क्रू सदस्यों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। कुछ लोगों को रीढ़ और गर्दन से जुड़ी चोटें भी आई थीं। हालांकि, उस समय एयरलाइन ने कहा था कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। जरूरत वाले यात्रियों की दिल्ली एयरपोर्ट पर मेडिकल जांच कराई गई और विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली पहुंच गया था।

Breaking News

एएआईबी ने ‘सीरियस इंसिडेंट’ माना

एएआईबी ने इस घटना को ‘सीरियस इंसिडेंट’ के रूप में वर्गीकृत किया है। शुरुआती तौर पर कुछ रिपोर्टों में टर्बुलेंस की बात सामने आई थी, लेकिन जांच में तकनीकी पहलुओं के साथ पायलट के टेस्ट रिजल्ट को भी देखा गया। फिलहाल एएआईबी की विस्तृत जांच जारी है। अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के सभी कारणों की पूरी तस्वीर साफ होगी।

एअर इंडिया बोली- सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

प्रारंभिक रिपोर्ट के बाद एअर इंडिया ने कहा था कि वह एएआईबी की जांच में पूरा सहयोग कर रही है। एयरलाइन ने संबंधित ऑपरेशनल, मेंटेनेंस और तकनीकी रिकॉर्ड उपलब्ध कराने की बात कही थी। एअर इंडिया के मुताबिक, उसके पायलट राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत नियमित प्रशिक्षण, दक्षता जांच, मेडिकल टेस्ट और अन्य नियामकीय प्रक्रियाओं से गुजरते हैं। अब पायलट के साइकोएक्टिव सब्सटेंस टेस्ट के पॉजिटिव पाए जाने के बाद एयरलाइन ने तत्काल प्रभाव से उसकी सेवा समाप्त कर दी है। वहीं, 4 अगस्त की घटना की विस्तृत जांच अभी जारी है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts