अतिवृष्टि को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों में सावधानी की अपील

खिलचीपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश और अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में राजस्व विभाग का मैदानी अमला सक्रिय है और जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश एवं जलभराव की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। कलेक्टर के निर्देश पर सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) और तहसीलदार अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। वहीं मैदानी कर्मचारियों के माध्यम से नदी-नालों, पुल-पुलियों और रपटों पर पानी भरने वाले स्थानों की जानकारी जुटाई जा रही है। ऐसे स्थानों पर आमजन को आवागमन से बचने की समझाइश भी दी जा रही है।
तेज बहाव वाले स्थानों से गुजरने से बचें
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जिन स्थानों पर नदी-नालों, पुल-पुलियों या रपटों पर पानी का तेज बहाव हो अथवा जलभराव की स्थिति बनी हो, वहां से किसी भी स्थिति में आवागमन न करें। प्रशासन ने कहा है कि पानी का बहाव कम दिखाई देने पर भी जोखिम उठाने से बचना चाहिए, क्योंकि जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ सकता है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें तथा अनावश्यक रूप से जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें।
ये भी पढ़ें: पत्नी से अवैध संबंध का शक बना खूनी दुश्मनी की वजह, दोस्त के सिर पर पत्थर पटककर उतारा मौत के घाट
बच्चों को जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखें
प्रशासन ने अभिभावकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। बच्चों को नदी-नालों, पुल-पुलियों, रपटों और जलभराव वाले अन्य स्थानों के आसपास जाने से रोकने की सलाह दी गई है। बारिश के दौरान ऐसे स्थानों पर पानी का बहाव अचानक बढ़ने की स्थिति में हादसे का खतरा बना रहता है। जिला प्रशासन ने कहा कि नागरिक किसी भी आपात स्थिति या अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल स्थानीय प्रशासन को दें ताकि समय रहते आवश्यक सहायता पहुंचाई जा सके।
ये भी पढ़ें: थप्पड़ का बदला लेने नाबालिग ने किया सुपरवाइजर का मर्डर, CCTV ने खोला राज
लगातार स्थिति पर नजर
अतिवृष्टि के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा जिले में बारिश और जलभराव की स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है। राजस्व अमले को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने और स्थानीय परिस्थितियों पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान सतर्क रहें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और तेज बहाव या जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें। नागरिकों की सुरक्षा को प्रशासन ने सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है।




















