Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पत्नी से अवैध संबंध का शक बना खूनी दुश्मनी की वजह, दोस्त के सिर पर पत्थर पटककर उतारा मौत के घाट

भैरूंदा में पत्नी से अवैध संबंध के शक ने दोस्ती को दुश्मनी में बदला। विनोद ने मुकेश के सिर पर पत्थर से कई वार कर हत्या की। पुलिस ने 12 घंटे में आरोपी को दबोच लिया।
पत्नी से अवैध संबंध का शक बना खूनी दुश्मनी की वजह, दोस्त के सिर पर पत्थर पटककर उतारा मौत के घाट
सीहोर। भैरूंदा में अंबर नदी किनारे मिली लाश का 12 घंटे में खुलासा हुआ।

सीहोर। जिले के भैरूंदा थाना क्षेत्र में अंबर नदी किनारे मिली लाश ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। भूराखेड़ा गांव के पास 3 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि नदी किनारे एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही भैरूंदा पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का मंजर देखकर पुलिस भी सकते में आ गई। मृतक के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे और प्रथम दृष्टया मामला हत्या का नजर आ रहा था।

पुलिस के सामने था अंधे कत्ल का सवाल

पुलिस ने शव की पहचान मुकेश उर्फ पप्पू बारेला के रूप में की। मृतक के भाई संतोष बारेला की रिपोर्ट पर भैरूंदा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 508/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया। हत्यारा कौन है और मुकेश को इतनी बेरहमी से किसने मौत के घाट उतारा, यह पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल था।

एसपी के निर्देश पर संदिग्धों की तलाश तेज

हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने तत्काल मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन और एसडीओपी रोशन कुमार जैन के पर्यवेक्षण में भैरूंदा थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम सिंह दांगी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सुरागों और आसपास की परिस्थितियों को खंगालते हुए संदेहियों पर नजरें जमा दीं।

शक की सुई विनोद बारेला पर पहुंची

जांच के दौरान पुलिस को विनोद बारेला पर संदेह हुआ। विनोद मूल रूप से खामखेड़ा, थाना बिल्किसगंज का रहने वाला है और वर्तमान में भूराखेड़ा में रह रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ आगे बढ़ी तो हत्या की गुत्थी की परतें खुलने लगीं और पुलिस के सामने वारदात की पूरी कहानी सामने आ गई।

ये भी पढ़ें: थप्पड़ का बदला लेने नाबालिग ने किया सुपरवाइजर का मर्डर, CCTV ने खोला राज

पत्नी से संबंध का शक, दोस्ती ने लिया खूनी मोड़

एसडीओपी रोशन कुमार जैन ने बताया कि पुलिस के अनुसार विनोद को शक था कि उसकी पत्नी और मुकेश बारेला के बीच अवैध संबंध हैं। इसी शक ने उसके मन में मुकेश के प्रति गहरी दुश्मनी पैदा कर दी। घटना वाले दिन दोनों के बीच विवाद हुआ और देखते ही देखते मामला खूनी वारदात में बदल गया। आरोपी विनोद ने मुकेश के सिर पर पत्थर से एक के बाद एक कई वार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने से मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई।

पत्थर के वार से दोस्त की जिंदगी खत्म, नदी किनारे छोड़ गया शव

आरोपी ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम देने के बाद मुकेश के शव को अंबर नदी के किनारे छोड़ दिया। अगले दिन शव मिलने के बाद पूरे मामले का खुलासा करने की चुनौती पुलिस के सामने थी। हालांकि पुलिस टीम ने तेजी से जांच आगे बढ़ाई और संदिग्ध विनोद तक पहुंच गई। पूछताछ में आरोपी द्वारा हत्या करना स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

12 घंटे में खुला अंधा कत्ल

भैरूंदा पुलिस ने वारदात के महज करीब 12 घंटे के भीतर अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए आरोपी विनोद बारेला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मामले से जुड़े आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। हत्या में प्रयुक्त पत्थर सहित घटनास्थल और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें: दमोह में सरपंच ने मामूली विवाद में युवक का कुल्हाड़ी से काटा युवक के हाथ का पंजा

शक ने छीनी एक जिंदगी, पुलिस जुटा रही हर कड़ी

पत्नी के चरित्र पर संदेह से शुरू हुआ विवाद आखिरकार हत्या तक जा पहुंचा। एक तरफ मुकेश की जान चली गई तो दूसरी तरफ आरोपी विनोद अब हत्या के मामले में पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस मामले की विवेचना आगे बढ़ा रही है। घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...Read More

Latest Posts