वेंकटेश अय्यर की धमाकेदार पारी से केकेआर ने सनराइजर्स को शिकस्त दी

आईपीएल : वैभव अरोड़ा और वरुण चक्रवर्ती की शानदार गेंदबाजी
Follow on Google News
वेंकटेश अय्यर की धमाकेदार पारी से केकेआर ने सनराइजर्स को शिकस्त दी
कोलकाता। नाइट राइडर्स ने गुरुवार को आईपीएल के मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को 80 रन से शिकस्त दी। अंगकृष रघुवंशी (32 गेंद में 50 रन) ने भी पचासा जड़ा और कप्तान अजिंक्य रहाणे (27 गेंद में 38 रन) के साथ 81 रन की साझेदारी की जिसके दम पर मेजबान टीम ने छह विकेट पर 200 रन बनाये । जवाब में सनराइजर्स की टीम 16.4 ओवर में 120 रन पर आउट हो गई । तेज गेंदबाज वैभव अरोड़ा ने ट्रेविस हेड (चार) और ईशान किशन (दो) को लगातार दो ओवरों में आउट किया । उन्होंने चार ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट चटकाए। हर्षित राणा ने अभिषेक शर्मा (दो) का विकेट लिया तब सनराइजर्स का स्कोर तीसरे ओवर में नौ रन पर तीन विकेट था। आंद्रे रसेल और सुनील नारायण ने भी एक एक विकेट लिए। सनराइजर्स ने दस ओवर तक पांच विकेट 66 रन पर गंवा दिये थे। इसके बाद वरुण चक्रवर्ती ने दो गेंद के भीतर दो विकेट लेकर निचले क्रम को रवाना किया। उन्होंने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट लिए। गत चैम्पियन केकेआर पहले तीन में से दो मैच गंवाने के बाद जीत की राह पर लौटी है। अब उसे मंगलवार को लखनऊ सुपर जाइंट्स से खेलना है। वहीं सनराइजर्स की यह लगातार तीसरी हार थी और अब उसका सामना रविवार को गुजरात टाइटंस से होगा । पहले बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने पर केकेआर की नयी सलामी जोड़ी का संघर्ष जारी रहा। क्विंटन डिकॉक (एक) और सुनील नारायण (सात) सस्ते में आउट हो गए। सनराइजर्स ने बीच के ओवरों में किफायती गेंदबाजी की जब श्रीलंका के 26 वर्ष के कामिंडु मेंडिस ने आईसीसी के इतिहास में पहली बार एक ही ओवर में दोनों हाथों से गेंदबाजी की। उन्होंने बायें हाथ की स्पिन से रघुवंशी को बोल्ड किया और फिर खब्बू बल्लेबाज रिंकू सिंह को आफ स्पिन डाली । दो ओवरों तक कोई बाउंड्री नहीं लगी, लेकिन अय्यर और रिंकू ने पारी को ढर्रे पर लाया अय्यर ने 29 गेंद में सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 60 रन बनाये । रिंकू ने 17 गेंद में चार चौकों और एक छक्के के साथ नाबाद 32 रन बनाये । रिंकू ने हर्षल पटेल को लगातार तीन चौके जड़े जबकि अय्यर ने सिमरजीत को लगातार दो चौके लगाए। अय्यर ने कमिंस को नौवें ओवर में तीन चौके और एक छक्का लगाया। केकेआर ने इस सत्र में पहली बार 200 रन बनाए। आखिरी पांच ओवरों में उसके बल्लेबाजों ने 78 रन निकाले। इससे पहले पैट कमिंस ने तीसरे ही ओवर में क्विंटन डिकॉक को शॉर्ट गेंद पर आउट किया, जबकि शमी ने नारायण को यॉर्कर पर विकेट के पीछे लपकवाया । तीसरे ओवर में 16 रन पर दो विकेट गिरने के बाद रहाणे और रघुवंशी ने 81 रन की साझेदारी करके पारी को संभाला । जीशान अंसारी ने रहाणे को हेनरिच क्लासेन के हाथों लपकवाकर इस साझेदारी को तोड़ा।
People's Reporter
By People's Reporter
नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts