Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

खिलचीपुर में शांति समिति की बैठक, गणेश विसर्जन और डोल ग्यारस की व्यवस्थाओं पर चर्चा

खिलचीपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक में डोल ग्यारस और गणेश विसर्जन की तैयारियों पर चर्चा हुई। विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई, क्रेन, पुलिस बल और गोताखोरों की व्यवस्था पर जोर दिया गया।
खिलचीपुर में शांति समिति की बैठक, गणेश विसर्जन और डोल ग्यारस की व्यवस्थाओं पर चर्चा
खिलचीपुर में शांति समिति की बैठक

खिलचीपुर। आगामी डोल ग्यारस और गणेश विसर्जन पर्व को देखते हुए शनिवार शाम थाना खिलचीपुर परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और विसर्जन स्थलों पर आवश्यक इंतजामों को लेकर चर्चा हुई। हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष संजय जायसवाल और भाजपा नेता ओमप्रकाश गुप्ता ने गणगौर घाट और जल मंदिर पर पर्याप्त साफ-सफाई के साथ प्रकाश और माइक व्यवस्था कराने का सुझाव दिया।

गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए क्रेन व्यवस्था का सुझाव

इन स्थानों पर टेंट लगाने के साथ पुलिस, नगर परिषद के कर्मचारियों और गोताखोरों की तैनाती की जरूरत बताई। साथ ही एनडीआरएफ टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात भी रखी गई। विसर्जन स्थल जल मंदिर पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए क्रेन की व्यवस्था करने का सुझाव भी दिया गया। इस पर एसडीएम ज्योति राजोरे ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें: बाड़ी में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 20 नग सागौन लकड़ी जब्त; आरोपी फरार

अन्य विसर्जन स्थलों पर भी सुरक्षा व्यवस्था की मांग

बैठक में समिति के सदस्यों ने बताया कि नाहरदा मंदिर, राजमहल घाट और पांडा जी का बाग में भी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इन स्थानों पर भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने का सुझाव दिया गया। समिति के सदस्यों ने त्योहारों के दौरान भीड़ को देखते हुए सभी प्रमुख विसर्जन स्थलों पर पुलिस और प्रशासन की समुचित व्यवस्था रखने पर जोर दिया। बैठक में सीएमओ देवनारायण दांगी, जेई आलोक सिंह बघेल, थाना प्रभारी कमल सिंह गहलोत, लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर, नगर के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठजन और गणेश झांकियों की आयोजक समितियों के सदस्य मौजूद रहे।

इस दौरान हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष संजय जायसवाल, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि विजय शर्मा और पार्षद संदीप शर्मा सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम करने की बात कही।

Ramesh Dangi
By Ramesh Dangi

Latest Posts