PlayBreaking News

खिलचीपुर में गंदगी पर SDM सख्त:CMO को लगाई फटकार, होटल पर ₹5 हजार जुर्माना

खिलचीपुर में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचीं SDM ज्योति राजोरे ने गंदगी मिलने पर CMO को फटकार लगाई। होटल पर ₹5 हजार जुर्माना लगाया गया और FIR की चेतावनी दी गई।
Follow on Google News
खिलचीपुर में गंदगी पर SDM सख्त

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर नगर में सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सावन माह के दौरान शहर में फैली गंदगी को लेकर एसडीएम ज्योति राजोरे ने नाराजगी जताई और नगर परिषद सीएमओ देवनारायण दांगी को तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। एसडीएम और सीएमओ ने सोमवार को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान बस स्टैंड, नदी पुल और अन्य स्थानों पर गंदगी मिलने पर अधिकारियों ने जिम्मेदारों को फटकार लगाई।

बस स्टैंड और बाजार क्षेत्र में मिली गंदगी

निरीक्षण की शुरुआत बस स्टैंड क्षेत्र से हुई। यहां सड़क किनारे फैली गंदगी देखकर एसडीएम ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सीएमओ को तत्काल सफाई कराने और नियमित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद टीम तोपखाना गेट पहुंची, जहां एक दूध डेयरी के बाहर कचरा फैला हुआ मिला। एसडीएम ने दुकानदार को मौके पर ही सफाई कराने के निर्देश दिए और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के मेट अखिलेश झाला सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

नदी पुल पर कचरा मिलने से नाराज हुईं SDM

शहर के गाड़गंगा नदी के छोटे पुल पर बड़ी मात्रा में कचरा मिलने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर का कचरा इसी स्थान पर डाला जा रहा है। इस पर एसडीएम ने सीएमओ को फटकार लगाते हुए कहा कि भविष्य में यहां कचरा नहीं डाला जाना चाहिए और तत्काल सफाई कराई जाए। उन्होंने कहा कि सावन के दौरान बड़ी संख्या में लोग धार्मिक स्थलों पर आते-जाते हैं। ऐसे में गंदगी से लोगों की आस्था के साथ-साथ स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है।

होटल में गंदगी मिलने पर संचालक को फटकार

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम छापीहेड़ा नाके स्थित मालाकार होटल पहुंची। यहां गंदगी, खुले में पड़ा कचरा और पीने के पानी की खराब व्यवस्था देखकर एसडीएम ने होटल संचालक राहुल मालाकार को फटकार लगाई। एसडीएम ने होटल में मौजूद लोगों से कहा कि इतनी गंदगी के बीच लोग भोजन कैसे कर रहे हैं। उन्होंने होटल में रखे वाटर कूलर की सफाई व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई और उसे तुरंत साफ कराने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें: वीडियो बना सबसे बड़ा सबूत: मनीष आत्महत्या मामले में गोपालपुर पुलिस ने मुख्य आरोपियों को दबोचा

होटल पर लगाया गया ₹5 हजार का जुर्माना

नगर परिषद ने कार्रवाई करते हुए होटल संचालक पर मौके पर ही 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। सीएमओ देवनारायण दांगी ने होटल संचालक को चेतावनी दी कि अगर आठ दिन के भीतर सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने होटल परिसर में फैले तेल और कचरे को लेकर भी नाराजगी जताई। साथ ही डस्टबिन की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए।

डिस्पोजल गिलास के इस्तेमाल पर रोक

प्रशासन ने होटल संचालक को निर्देश दिए कि भविष्य में डिस्पोजल गिलास का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। ग्राहकों को चाय और अन्य पेय पदार्थ केवल साफ कांच के गिलास में ही परोसे जाएंगे। सीएमओ ने लोगों से भी अपील की कि गंदगी वाले स्थानों पर भोजन करने से बीमारियां फैल सकती हैं इसलिए साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी है।

ये भी पढ़ें: सीहोर : दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर जश्न; ढोल-नगाड़े बजे-आतिशबाजी की, कार्यकर्ताओं ने बांटी मिठाई

दुकानदारों को दी सख्त चेतावनी

निरीक्षण के बाद एसडीएम ने शहर के सभी दुकानदारों को निर्देश दिए कि वे कचरा केवल डस्टबिन में ही डालें। उन्होंने साफ कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ जुर्माने के साथ अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Edited By: Sumit Shrivastava

Ramesh Dangi
By Ramesh Dangi
नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts