खिलचीपुर में डोल ग्यारस पर निकले भगवान के विमान, नदी तट पर उमड़े श्रद्धालु

खिलचीपुर। गणगौर घाट और जल मंदिर पर मंदिरों के विमानों की पूजा-अर्चना और आरती की गई, जिसके बाद भक्त नाचते-गाते विमानों के साथ अपने-अपने मंदिरों में लौटे। नगर भ्रमण के दौरान सड़क के दोनों ओर खड़े भक्तों ने भगवान को फल चढ़ाए और दर्शन किए, वहीं पुलिस प्रशासन ने नदी तट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए।
बैंड-बाजे और ढोल के साथ नदी तट पहुंचे विमान
नगर के सभी मंदिरों के विमान पटवा बाजार से भगवान सावलिया सेठ के विमान के पीछे बैंड, गाजे-बाजे और ढोल के साथ निकाले गए। सभी विमानों को गणगौर घाट और जल मंदिर ले जाया गया, जहां पूजा-अर्चना और आरती की गई और नागरिकों ने दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
ये भी पढ़ें: जबलपुर से घटकर 5 रह गईं फ्लाइट्स, हाईकोर्ट में सुनवाई; इंडिगो ने कहा- रियायत मिले तो बढ़ेंगी उड़ानें
मेवाडे समाज की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
मेवाडे समाज द्वारा नाव पर आकर्षक झांकी बनाई गई, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण और राधा बने पात्रों की आरती उतारी गई। इस दौरान नगर की सभी दुकानें बंद हो गईं और पूरा नगर और ग्रामीण क्षेत्र की जनता नदी तट पर उमड़ पड़ी, जिसके बाद महाआरती कर प्रसादी का वितरण किया गया।
नगर भ्रमण में भक्तों ने चढ़ाए फल
पूजा और आरती के बाद सभी विमान बैंड-बाजे और ढोल के साथ भक्तों के साथ नाचते-गाते अपने-अपने मंदिरों में गए। नगर भ्रमण के दौरान सड़क के दोनों ओर खड़े भक्तों ने भगवान को फल चढ़ाए और दर्शन लाभ लिया, जिससे पूरे नगर में धार्मिक माहौल बना रहा।
नदी तट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
हादसे से सबक लेते हुए पुलिस प्रशासन ने नदी तट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। मौके पर एडिशनल एसपी केएल बंजारे, एसडीओपी, एसडीएम ज्योति राजोरे, सीएमओ देवनारायण दांगी, थाना प्रभारी सहित पुलिस प्रशासन, नगर परिषद कर्मचारी, गोताखोर और मोटरबोट मौजूद रहे।




















