चंदन चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक और आरी समेत लकड़ी बरामद

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र में चंदन के पेड़ों की चोरी और कटाई के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, लकड़ी काटने वाली लोहे की आरी, 1,500 रुपये नकद और चोरी की गई चंदन की लकड़ी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने चंदन चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है।
खेत की मेड़ से चार चंदन के पेड़ चोरी
मामला ग्राम शेखनपुर का है। पुलिस के अनुसार 19 अगस्त 2026 को गांव निवासी हेमराज पिता मांगीलाल दांगी, उम्र 32 वर्ष, ने खिलचीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि 18 अगस्त की शाम उसके खेत की मेड़ पर चंदन के पेड़ खड़े थे। अगले दिन सुबह खेत पहुंचने पर चार चंदन के पेड़ों का सार गायब मिला। इसके अलावा चार अन्य चंदन के पेड़ों को काटकर नुकसान पहुंचाया गया था।
आसपास के खेतों में भी चंदन के पेड़ों को बनाया निशाना
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई कि आरोपियों ने शेखनपुर और आसपास के इलाकों में दूसरे किसानों के चंदन के पेड़ों को भी निशाना बनाया था। कुछ पेड़ों को काटकर नुकसान पहुंचाया गया जबकि कुछ से चंदन की लकड़ी चोरी कर ले जाई गई। फरियादी की शिकायत पर खिलचीपुर थाने में धारा 303(2), 324(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर दो संदिग्ध पकड़े
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों से जानकारी जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने इरशाद पिता सरदार पठान, उम्र 35 वर्ष और रईश पिता छोटे खां पठान, उम्र 48 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम चतरूखेड़ी, थाना सारंगपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने चंदन चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
बाइक, आरी, नकदी और चंदन की लकड़ी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर घटना में इस्तेमाल सामान और अन्य सामग्री बरामद की। कार्रवाई में एक मोटरसाइकिल, एक लोहे की लकड़ी काटने वाली आरी, 1,500 रुपये नकद और चोरी की गई चंदन की लकड़ी जब्त की गई है। पुलिस अब आरोपियों से चंदन चोरी की अन्य घटनाओं और चोरी की गई लकड़ी के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम की भूमिका रही महत्वपूर्ण
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजगढ़ अमित तोलानी (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन और एसडीओपी खिलचीपुर डी.व्ही.एस. नागर के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी कमलसिंह गेहलोत सहित खिलचीपुर थाना पुलिस स्टाफ की भूमिका रही। मामले में आगे की विवेचना जारी है।





















