PlayBreaking News

खिलचीपुर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के घर लूट, 8 फीट कूदकर महिला ने बचाई जान

राजगढ़ के खिलचीपुर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ममता जादौन के घर तीन नकाबपोश बदमाशों ने चाकू की नोक पर लूटपाट की। बदमाश करीब चार लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर लूट ले गए। महिला ने आठ फीट ऊंचाई से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।
Follow on Google News

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर नगर में शुक्रवार देर रात हुई लूट की वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। वार्ड नंबर-8 में रहने वाली 50 वर्षीय आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ममता जादौन के घर तीन नकाबपोश बदमाश घुस गए। बदमाशों ने चाकू की नोक पर महिला को बंधक बनाया और लाखों रुपये नकद व जेवर लूटकर फरार हो गए।

घर में अकेली थीं महिला

जानकारी के मुताबिक, घटना के समय ममता जादौन घर में अकेली थीं। उनका बेटा आष्टा में बैंक मैनेजर है और अपनी पत्नी के साथ वहीं रहता है। बताया जा रहा है कि बदमाश घर के पीछे स्थित बगीचे की ओर से आए और दीवार फांदकर खुली खिड़की के रास्ते घर में दाखिल हो गए।

चाकू दिखाकर दी जान से मारने की धमकी

ममता जादौन ने बताया कि रात में अचानक आवाज सुनकर उनकी नींद खुली। सामने एक नकाबपोश युवक हाथ में बड़ा चाकू लिए खड़ा था। जैसे ही उन्होंने शोर मचाने की कोशिश की, बदमाश ने गर्दन पर चाकू रखकर धमकी दी, अगर आवाज निकाली तो जान से मार देंगे। घर के अंदर कुल तीन बदमाश थे। एक बदमाश महिला को बंधक बनाकर खड़ा रहा, जबकि दो अन्य पूरे घर की तलाशी लेते रहे।

महिला से उतरवाए जेवर, की मारपीट

बदमाशों ने महिला से कान के टॉप्स, गले की चेन, सोने की अंगूठी और हाथों में पहने चांदी के कड़े उतरवा लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट भी की। बदमाशों ने उन्हें थप्पड़ मारे, जिससे उनका सिर दीवार से टकरा गया और उन्हें चोट आई। इसके बाद बदमाशों ने अलमारी, गोदरेज और बैग खंगालकर करीब चार लाख रुपये नकद, सवा दो तोला सोना और करीब 50 ग्राम चांदी के जेवर लूट लिए।

Breaking News

बदमाशों की बात सुन सहम गई महिला

पीड़िता के मुताबिक, बदमाश आपस में बातचीत कर रहे थे। एक आरोपी ने दूसरे से कहा कि इसे कमरे में बंद कर दो, बाकी घर देख लो, फिर इसे खत्म करके चलेंगे। यह सुनकर महिला घबरा गईं। बदमाश उन्हें कमरे में बंद कर घर के दूसरे हिस्सों की तलाशी लेने लगे।

आठ फीट नीचे कूदकर बचाई जान

मौका मिलते ही ममता जादौन ने हिम्मत दिखाई। उन्होंने कमरे की कुंडी अंदर से बंद की और उसी खिड़की से करीब आठ फीट नीचे बगीचे में छलांग लगा दी। इसके बाद वह दौड़ते हुए गली में पहुंचीं और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

पुलिस को मिला मोबाइल और नकाब

बताया जा रहा है कि बदमाश करीब 20 मिनट तक घर के अंदर रहे और आराम से पूरे घर की तलाशी लेते रहे। इससे पुलिस को शक है कि आरोपियों ने पहले से घर की रेकी की थी। जांच के दौरान पुलिस को घर से एक मोबाइल फोन और नकाब का कपड़ा मिला है। आशंका है कि यह सामान बदमाशों का हो सकता है। पुलिस मोबाइल की जांच के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।

पीड़िता ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना के बाद भावुक हुईं ममता जादौन ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि बदमाश कौन थे, लेकिन भगवान का शुक्र है कि उनका बेटा घर पर नहीं था। उन्होंने प्रशासन से सवाल करते हुए कहा कि क्या इस देश में अकेली महिला सुरक्षित नहीं है? अगर कोई महिला अपने दम पर जिंदगी जीना चाहती है, तो उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है?

पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही खिलचीपुर थाना प्रभारी कमल सिंह गेहलोत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। बरामद मोबाइल, नकाब और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।

Ramesh Dangi
By Ramesh Dangi
नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts