PlayBreaking News

केतन हत्याकांड :भाई के क्रिकेट दोस्त से शुरू हुई लव स्टोरी, कैसे बन गई मर्डर मिस्ट्री? जानिए सिया-चेतन के रिश्ते की पूरी कहानी

पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में सिया गोयल और चेतन चौधरी के रिश्ते की पूरी कहानी सामने आ रही है। भाई के क्रिकेट दोस्त से शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली और फिर हत्या की साजिश तक पहुंच गई। पुलिस 2,004 कॉल, डिलीट चैट और डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है।
Follow on Google News
भाई के क्रिकेट दोस्त से शुरू हुई लव स्टोरी, कैसे बन गई मर्डर मिस्ट्री? जानिए सिया-चेतन के रिश्ते की पूरी कहानी

पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे केस की परतें खुलती जा रही हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी की पहचान किसी सोशल मीडिया या डेटिंग ऐप से नहीं, बल्कि सिया के बड़े भाई साहिल गोयल के जरिए हुई थी। क्रिकेट के मैदान से शुरू हु़ई यह दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। इसी बीच सिया की शादी केन अग्रवाल से तय हो गई, लेकिन पुलिस का दावा है कि दूसरी ओर चेतन के साथ उसका संपर्क लगातार बना रहा। अब पुलिस दोनों के रिश्ते की टाइमलाइन, हजारों फोन कॉल, डिलीट चैट और मुलाकातों के आधार पर हत्या की पूरी साजिश को जोड़ने में जुटी है।

क्रिकेट के मैदान से हुई पहली मुलाकात

पुलिस जांच के अनुसार चेतन चौधरी और सिया के भाई साहिल गोयल लंबे समय से साथ क्रिकेट खेलते थे। दोनों कई स्थानीय टूर्नामेंट में एक ही टीम का हिस्सा रह चुके थे। इसी दौरान सिया कई बार अपने भाई के साथ मैच देखने पहुंचती थी, जहां उसकी मुलाकात चेतन से हुई। शुरुआती बातचीत दोस्ती तक सीमित रही, लेकिन समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। जांच में पुलिस को एक पुराना वीडियो भी मिला है, जिसमें साहिल और चेतन क्रिकेट खेलते दिखाई दे रहे हैं। इससे साफ हुआ कि दोनों परिवारों के बीच परिचय नया नहीं था।

दिवाली के बाद रिश्ता हुआ और गहरा

जांच अधिकारियों का मानना है कि वर्ष 2025 की दिवाली के आसपास दोनों एक कॉमन फ्रेंड की पार्टी में दोबारा मिले। इसके बाद बातचीत लगातार बढ़ती गई और दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। पुलिस का दावा है कि इसी दौर से दोनों के बीच नियमित संपर्क शुरू हुआ। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) ने जांच को नई दिशा दी है। पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 से जून 2026 तक सिया और चेतन के बीच 2,004 फोन कॉल हुईं। इन कॉल्स की कुल अवधि करीब 238 घंटे रही। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इन बातचीतों में क्या चर्चा होती थी और क्या इसी दौरान हत्या की कथित साजिश तैयार की गई।

Breaking News

शादी तय हुई, लेकिन रिश्ता नहीं टूटा

इसी बीच सिया गोयल की शादी पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल से तय हो गई। दोनों की शादी नवंबर 2026 में होनी थी और दोनों परिवार तैयारियों में जुट चुके थे। हालांकि, सिया के परिवार का कहना है कि उसने कभी शादी से इनकार नहीं किया। परिवार के मुताबिक, यदि सिया ने कहा होता कि वह यह रिश्ता नहीं चाहती, तो शादी आगे नहीं बढ़ाई जाती। पुलिस ने इस मामले में सिया के भाई साहिल गोयल से करीब आठ घंटे तक पूछताछ भी की है।

कैफे की मुलाकात पर टिकी जांच

पुलिस का दावा है कि 17 जून, यानी घटना से एक दिन पहले, सिया और चेतन पुणे के लुल्लानगर स्थित एक कैफे में मिले थे। दोनों करीब एक घंटे तक वहां साथ रहे। पुलिस को शक है कि इसी दौरान आगे की योजना पर अंतिम चर्चा हुई थी। इसके अगले दिन 18 जून को केतन अग्रवाल, सिया गोयल और चेतन चौधरी लोहागढ़ किले के इलाके में पहुंचे। पुलिस के अनुसार यहीं पहले से बनाई गई कथित साजिश को अंजाम दिया गया।

पुलिस का दावा- तय था पूरा प्लान

जांच अधिकारियों के मुताबिक, योजना के तहत सिया को एक तय स्थान पर बैठकर इशारा करना था। पुलिस का आरोप है कि संकेत मिलते ही चेतन पीछे से आया और केतन अग्रवाल को खाई में धक्का दे दिया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में चेतन चौधरी ने खुद को निर्दोष बताया, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के बाद उसके बयान में बदलाव आया।

ये भी पढ़ें: CG NEWS: घर में घुसकर युवती के सिर में मारी गोलियां, दिनदहाड़े मर्डर से दहला सक्ती; नकाबपोश बदमाश CCTV में कैद

डिलीट चैट से खुल सकते हैं कई राज

इस केस में डिजिटल सबूत सबसे अहम कड़ी बन गए हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन से व्हाट्सएप चैट ही नहीं, बल्कि उन्हें रीसायकल बिन से भी डिलीट कर दिया था ताकि कोई रिकॉर्ड न बचे। दोनों मोबाइल फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि डिलीट डेटा रिकवर होने के बाद कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं, जो इस केस की गुत्थी सुलझाने में मदद करेंगे।

फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा केस

मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने केतन अग्रवाल के परिवार से मुलाकात की और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराने का आश्वासन दिया। राज्य सरकार ने वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम को इस मामले में विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करने के फैसले को भी मंजूरी दे दी है। उधर, पुलिस ने जांच के लिए छह विशेष टीमें गठित की हैं। परिवार, रिश्तेदारों और दोस्तों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि क्या इस कथित साजिश की जानकारी किसी और व्यक्ति को भी पहले से थी।

Featured News

अब भी कई सवालों के जवाब बाकी

हालांकि पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है, लेकिन कई सवाल अब भी अनसुलझे हैं। सिया ने शादी से इनकार क्यों नहीं किया? दोनों के बीच हजारों फोन कॉल में क्या बातचीत होती थी? डिलीट चैट में क्या छिपा है? कैफे की मुलाकात में क्या फैसला हुआ था? और क्या इस पूरी साजिश की जानकारी किसी तीसरे व्यक्ति को भी थी? इन सभी सवालों के जवाब अब पुलिस जांच और अदालत की सुनवाई के बाद ही सामने आएंगे।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts