केदारनाथ मार्ग पर भूस्खलन से 4 हजार यात्री फंसे, यूपी में बारिश-आंधी से 29 मौतें; बिहार में 500 घर डूबे

उत्तर और मध्य भारत में मौसम के बिगड़े मिजाज और मूसलाधार बारिश ने कई राज्यों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तराखंड में लगातार लैंडस्लाइड के कारण केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है, जबकि उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। बिहार में कोसी और गंडक नदियों के उफान से बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर लैंडस्लाइड
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग के पास केदारनाथ यात्रा मार्ग पर लगातार लैंडस्लाइड हो रही है। इसके चलते करीब 4 हजार श्रद्धालु फंस गए हैं। खराब मौसम और सुरक्षा को देखते हुए केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है। सभी हेली सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। मौसम को देखते हुए देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी में रेड अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट है। वहीं बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, साइक्लोन अर्नब का असर अब कमजोर पड़ा है और 30 सितंबर तक बारिश की तीव्रता घटने की संभावना है।
यूपी में 65 घंटे से बारिश
उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी, अयोध्या और जौनपुर समेत 45 शहरों में बीते 65 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल रही हैं। बारिश और आंधी के कारण पिछले 2 दिनों में 29 लोगों की मौत हो चुकी है। हजारों पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए हैं। किसानों की फसलें भी प्रभावित हुई हैं। राज्य के 22 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
बिहार में 6 हजार गांव प्रभावित
बिहार में नेपाल के तराई क्षेत्रों में हो रही बारिश के कारण कोसी और गंडक नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इससे 17 जिलों के करीब 6 हजार गांव प्रभावित हुए हैं। करीब 500 घर पूरी तरह पानी में डूब गए हैं। सुपौल के 50 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।
हिमाचल में बारिश और बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में भी मौसम ने करवट ली है। शिमला समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई। कल्पा में 20.5 मिमी और शिमला में 9 मिमी बारिश दर्ज की गई। किन्नौर की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है। पूह के कुन्नू और छितकुल में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है।
राजस्थान में ओले गिरे
राजस्थान के 16 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। कोटा के मंडाना और जैसलमेर के मोहनगढ़ में तेज बारिश के साथ ओले गिरे।
MP में मानसून औसत के करीब
मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में सितंबर के अंतिम दिनों में हुई बारिश के बाद मानसून का औसत 35.6 इंच यानी कोटे का 95.4 प्रतिशत तक पहुंच गया है। हालांकि, यह आधिकारिक सामान्य बारिश के 96 से 104 प्रतिशत के आंकड़े से थोड़ा कम है।



















