पति संग पुणे जाने की जिद पर अड़ी महिला चौथी मंजिल से कूदी, रीढ़ की हड्डी टूटी
कटनी। जिला अस्पताल परिसर में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब 45 वर्षीय महिला निर्माणाधीन इमारत की चौथी मंजिल से नीचे गिर गई। ऊंचाई से गिरने के कारण महिला की रीढ़ की हड्डी (कमर) टूट गई और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर फ्रैक्चर आए हैं। मौके पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों ने उसे तत्काल इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
पति के साथ पुणे जाने की जिद कर रही थी महिला
घायल महिला की पहचान माधवनगर स्थित इंद्रा ज्योति कॉलोनी निवासी दुर्गा वंशकार के रूप में हुई है। सास मालती बाई के अनुसार, दुर्गा अपने पति संतोष वंशकार के साथ पुणे जाने की जिद कर रही थी। बच्चों की तबीयत खराब होने के कारण पति ने उसे साथ ले जाने से मना कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर वह दोपहर करीब 3 बजे घर से निकली और जिला अस्पताल परिसर में स्थित निर्माणाधीन इमारत की छत पर पहुंच गई।
30 मिनट तक समझाते रहे परिजन और पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रत्यक्षदर्शियों, पुलिस और परिजनों ने महिला को नीचे उतारने की कोशिश की। करीब 30 मिनट तक उसे समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं मानी और चौथी मंजिल से नीचे गिर गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। महिला के गिरने के बाद मौके पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों ने उसे तत्काल इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया।
कमर में गंभीर चोट, कई फ्रैक्चर
कटनी के सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा ने बताया कि महिला को चौथी मंजिल से गिरने के कारण मल्टीपल फ्रैक्चर और कमर में गंभीर चोट आई है। इमरजेंसी वार्ड में प्राथमिक उपचार देकर उसकी स्थिति को स्थिर किया गया है। फिलहाल अंदरूनी चोटों का परीक्षण किया जा रहा है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
कोतवाली कटनी थाना प्रभारी राखी पांडे के मुताबिक, शुरुआती जांच में महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं प्रतीत हो रही है। परिजनों से पूछताछ में पता चला है कि वह पहले भी इस तरह के आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास कर चुकी है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।






















