Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

5 साल में ग्वालियर से दिल्ली तक... कैसे बढ़ता गया आशीष अग्रवाल का सियासी कद?

ग्वालियर से राजनीतिक सफर शुरू करने वाले आशीष अग्रवाल अब बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक हैं। 2016 में प्रदेश मीडिया पैनल से शुरू हुआ सफर प्रदेश प्रवक्ता और मीडिया प्रभारी तक पहुंचा। अगस्त 2026 में राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक बनने के बाद सितंबर में उन्हें राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी मिली।
5 साल में ग्वालियर से दिल्ली तक... कैसे बढ़ता गया आशीष अग्रवाल का सियासी कद?

भोपाल। ज्योतिष में गुरु को ज्ञान, सम्मान और मार्गदर्शन का प्रतीक माना जाता है। राजनीति में भी किसी अनुभवी नेता का साथ कई बार संगठन में आगे बढ़ने में अहम भूमिका निभाता है। बीजेपी नेता आशीष अग्रवाल के राजनीतिक सफर को देखें तो पिछले कुछ वर्षों में उनका कद तेजी से बढ़ा है। ग्वालियर की स्थानीय राजनीति से शुरुआत करने वाले आशीष अब पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया विभाग में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी तक पहुंच चुके हैं।

उनके इस सफर में बीजेपी के प्रदेश मंत्री लोकेंद्र पाराशर और सांसद अनिल बलूनी से उनके पुराने संबंधों की चर्चा भी होती रही है। हालांकि, आशीष की संगठन में बढ़ती भूमिका के पीछे पार्टी की जिम्मेदारियों, संगठनात्मक काम और अन्य नेताओं के सहयोग की भी भूमिका रही है।

अगस्त में राष्ट्रीय जिम्मेदारी, 37 दिन बाद प्रमोशन

17 अगस्त 2026 को बीजेपी ने आशीष अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी। इसके करीब 37 दिन बाद, 23 सितंबर 2026 को उन्हें पदोन्नत कर राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया गया। कम समय में मिली इन दोनों जिम्मेदारियों ने आशीष अग्रवाल को पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका में ला दिया।

अनिल बलूनी से कैसे जुड़ा कनेक्शन?

आशीष अग्रवाल के राजनीतिक सफर में सांसद अनिल बलूनी का नाम भी महत्वपूर्ण संदर्भ के तौर पर सामने आता है। जब नितिन नबीन राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं थे, तब उनके और बलूनी के भोपाल दौरे के दौरान आशीष की उनसे मुलाकात होती थी। बताया जाता है कि आशीष पार्टी के नेताओं के साथ लगातार संपर्क में रहते थे और उनके भोपाल प्रवास के दौरान अतिथि सत्कार भी करते थे। समय के साथ उनके बलूनी और नितिन नबीन से संबंध बेहतर हुए।

बाद में नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने और नई टीम के गठन के दौरान आशीष को राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी मिली। इसके कुछ ही समय बाद उन्हें राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी भी मिल गई।

Breaking News

लोकेंद्र पाराशर बने शुरुआती राजनीतिक मेंटर

आशीष अग्रवाल का राजनीतिक जुड़ाव ग्वालियर से रहा है। वहीं से उनकी मुलाकात बीजेपी के प्रदेश मंत्री और पूर्व पत्रकार लोकेंद्र पाराशर से हुई। दोनों के ग्वालियर से होने के कारण उनका संपर्क बढ़ा और आगे चलकर राजनीतिक संबंध भी मजबूत हुए। लोकेंद्र पाराशर को आशीष के शुरुआती राजनीतिक मार्गदर्शकों में माना जाता है।

2016 में भोपाल आए, बीजेपी के मीडिया पैनल से जुड़े

साल 2016 में जब लोकेंद्र पाराशर को मध्य प्रदेश बीजेपी का मीडिया प्रभारी बनाया गया, उसके कुछ समय बाद आशीष अग्रवाल को भोपाल बुलाया गया। उन्हें पार्टी के मीडिया पैनल में जगह मिली। इसके बाद आशीष लगातार पार्टी के मीडिया और प्रवक्ता से जुड़े काम में सक्रिय रहे। लोकेंद्र पाराशर अप्रैल 2023 तक मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी पर रहे। बाद में राजनीतिक और संगठनात्मक बदलावों के बीच यह जिम्मेदारी आशीष अग्रवाल को मिली।

कभी स्थानीय संगठन में जगह की कोशिश

आशीष अग्रवाल के मौजूदा राष्ट्रीय कद की तुलना उनके शुरुआती राजनीतिक सफर से करें तो तस्वीर काफी अलग नजर आती है। कुछ साल पहले तक वह ग्वालियर जिला कार्यकारिणी में पद पाने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्षों की नियुक्तियों के दौरान भी उनकी सक्रियता रही। उन्होंने ग्वालियर विकास प्राधिकरण यानी साडा के अध्यक्ष पद के लिए भी प्रयास किया था। आज वही आशीष अग्रवाल बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया विभाग में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

16 साल पहले शुरू हुआ राजनीतिक सफर

आशीष अग्रवाल के राजनीतिक सफर की टाइमलाइन पर नजर डालें तो-

2003 से 2010: ICICI बैंक में नौकरी

2010: ग्वालियर में बीजेपी की गतिविधियों से जुड़े

2016-17: मध्य प्रदेश बीजेपी के मीडिया पैनल में शामिल

2021: प्रदेश प्रवक्ता बने

2023: मध्य प्रदेश बीजेपी के मीडिया प्रभारी बने

अगस्त 2026: राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक नियुक्त

सितंबर 2026: राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी मिली

ग्वालियर से राष्ट्रीय राजनीति तक

आशीष अग्रवाल का राजनीतिक सफर ग्वालियर से शुरू हुआ और धीरे-धीरे प्रदेश बीजेपी के मीडिया संगठन तक पहुंचा। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर भी जिम्मेदारी हासिल की। करीब डेढ़ दशक के इस सफर में मीडिया से जुड़ी उनकी भूमिका लगातार बढ़ती गई। अब राष्ट्रीय मीडिया संयोजक के तौर पर उनके सामने पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के मीडिया संवाद और संचार से जुड़ी बड़ी जिम्मेदारी है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts