Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कटनी के उद्योगपति अजय गेई ने खुद को मारी गोली, डिप्रेशन में लाइसेंसी रिवॉल्वर से की आत्महत्या, पुलिस ने शुरू की जांच

कटनी के उद्योगपति अजय गेई ने खुद को मारी गोली, डिप्रेशन में लाइसेंसी रिवॉल्वर से की आत्महत्या, पुलिस ने शुरू की जांच

कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी शहर से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। शहर के प्रतिष्ठित उद्योगपति अजय गेई ने गुरुवार देर रात खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से शारीरिक दर्द और मानसिक तनाव से जूझ रहे थे। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और जब तक दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे, अजय ने दम तोड़ दिया था।

शारीरिक पीड़ा बनी आत्महत्या की वजह

परिवार और पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अजय गेई कूल्हे के ऑपरेशन के बाद से लगातार असहनीय शारीरिक पीड़ा से जूझ रहे थे। नागपुर में ऑपरेशन के बावजूद उन्हें राहत नहीं मिल पाई थी। चलने-फिरने में परेशानी और बार-बार इलाज के लिए बाहर जाने की वजह से वे डिप्रेशन का शिकार हो गए थे। उनके करीबी बताते हैं कि वे कई बार कह चुके थे कि ‘अब जिंदगी जीने का कोई मतलब नहीं रहा।’

पत्नी-बेटों से की थी आखिरी बार तकलीफ की बात

घटना की रात अजय ने अपने कमरे में पत्नी और दोनों बेटों- ईशान और योग से अपनी तकलीफ साझा की थी। उन्होंने यह भी कहा कि वे अब और नहीं सह सकते। परिवार ने उन्हें ढांढस बंधाया और इलाज के लिए किसी अच्छे अस्पताल में जाने का आश्वासन दिया। मगर, देर रात जब सभी परिजन सो गए, तब अजय चुपचाप रेस्ट रूम में चले गए और खुद को गोली मार ली।

CCTV में कैद हुआ आत्महत्या का पूरा घटनाक्रम

घटना रेस्ट रूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। कैमरे की फुटेज के अनुसार, अजय ने दरवाजा अंदर से बंद किया और फिर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर को कनपटी पर रखकर गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर घर के लोग भागकर पहुंचे, लेकिन दरवाजा बंद होने के कारण तुरंत अंदर नहीं जा सके। बाद में जाली तोड़कर अंदर पहुंचे तो अजय खून से लथपथ हालत में मिले। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हर एंगल पर पड़ताल में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही कटनी पुलिस मौके पर पहुंची। एडिशनल एसपी संतोष डेहरिया के नेतृत्व में पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। डेहरिया ने कहा कि अजय गेई की आत्महत्या के पीछे फिलहाल डिप्रेशन और बीमारी ही प्रमुख कारण नजर आ रहा है, लेकिन जांच के बाद सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जाएगा।

अजय गेई कटनी के बड़े और प्रतिष्ठित उद्योगपतियों में से एक थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर फैलते ही शहर के उद्योग जगत, सामाजिक संगठनों और व्यापारी वर्ग में गहरी शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग उनके निवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

Latest Posts