Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

विधायक संजय पाठक की फर्म से 1.5 करोड़ की ठगी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, 28 लाख रुपए फ्रीज

विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक की फर्म से 1.49 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने नरसिंहपुर के करेली से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के लिए एक दिन की रिमांड ली है। अब तक 28 लाख रुपए अलग-अलग खातों में फ्रीज कराए गए हैं।
विधायक संजय पाठक की फर्म से 1.5 करोड़ की ठगी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, 28 लाख रुपए फ्रीज
फाइल फोटो

कटनी। विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक की फर्म से लगभग 1.49 करोड़ रुपए की साइबर ठगी के मामले में कटनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रंगनाथनगर थाना पुलिस ने नरसिंहपुर जिले के करेली से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोर्ट में पेश कर पुलिस ने चारों को एक दिन की रिमांड पर लिया है।

करेली के अनुज के  खाते में पहुंचे 4.20 लाख

पुलिस जांच के अनुसार, 12 अगस्त को विधायक की फर्म के साथ 1.5 करोड़ रुपए की ऑनलाइन ठगी हुई थी। ठगी की रकम में से 4.20 लाख रुपए करेली निवासी अनुज कुर्मी के खाते में पहुंचे। इसके बाद अनुज ने यह राशि आर्यन, यशवंत व एक अन्य साथी के खातों में ट्रांसफर की। बैंक लेन-देन की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस टीम ने दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

ये भी पढ़ें: सिवनी में NH-44 पर भीषण हादसा: कंटेनर समेत 6 कारें जलकर खाक, जांच के लिए जा रहे पुलिस वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर

यह है मामला

साइबर जालसाजों ने विधायक संजय पाठक की कंपनी के सीनियर डायरेक्टर के मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर सीनियर अकाउंटेंट को एक फर्जी मैसेज भेजा। अकाउंटेंट ने इसे वरिष्ठ अधिकारी का निर्देश मानकर बिना जांच-पड़ताल के 1.5 करोड़ रुपए बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। बाकी रकम साइबर ठगों द्वारा कोलकाता में आहरित कर ली गई। घटना के दौरान विधायक संजय पाठक फ्लाइट में यात्रा कर रहे थे। शाम करीब 5 बजे प्लेन से उतरने के बाद जब उन्हें इस बड़े लेन-देन की जानकारी मिली, तो पड़ताल में खुलासा हुआ कि डायरेक्टर की ओर से ऐसा कोई मैसेज भेजा ही नहीं गया था। ठगी का अहसास होते ही तुरंत पुलिस अधीक्षक को सूचित किया गया। कटनी सायबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों द्वारा ट्रांसफर की जा रही राशि में से लगभग 16 लाख रुपए तुरंत होल्ड (फ्रीज) करवा दिए।

आरोपियों से अहम सुराग मिले हैं

मामले में अब तक अलग-अलग बैंक खातों में 28 लाख रुपए फ्रीज कराए जा चुके हैं। आरोपियों से अहम सुराग मिले हैं। अंतरराज्यीय गिरोह के अन्य मुख्य सदस्यों की तलाश में पुलिस टीमें विभिन्न राज्यों में दबिश दे रही हैं, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

अभिनय विश्वकर्मा, एसपी, कटनी

ये भी पढ़ें: कटनी: ग्रामीणों ने की सड़क की मांग, कलेक्टर ने पैदल चलकर लिया जायजा; फिर बाइक चलाकर एसपी को पीछे बैठाया

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts