कर्नाटक के सियासी संकट के बीच राज्यपाल थावरचंद गहलोत पहुंचे नागदा, पत्नी की तबीयत बिगड़ने पर लौटे मध्य प्रदेश

कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने की चर्चाओं के बीच राज्य के राज्यपाल थावरचंद गहलोत अचानक मुंबई से मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले स्थित नागदा पहुंच गए। उनके नागदा पहुंचने के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर शुरू हो गया। हालांकि बाद में सामने आया कि राज्यपाल का यह दौरा पूरी तरह पारिवारिक कारणों से जुड़ा है और उनकी पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण उन्हें तत्काल नागदा आना पड़ा।
पत्नी की तबीयत बिगड़ने पर लिया नागदा आने का फैसला
जानकारी के मुताबिक राज्यपाल की पत्नी अनीता गहलोत का ब्लड प्रेशर अचानक काफी बढ़ गया था। इसके बाद राज्यपाल मुंबई से सीधे नागदा पहुंचे। अनीता गहलोत को पहले स्थानीय चौधरी अस्पताल में डॉक्टरों को दिखाया गया। फिलहाल उनका इलाज घर पर ही डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर है और लगातार स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है।
नागदा स्थित निवास के बाहर जुटी मीडिया
राज्यपाल के नागदा पहुंचने की खबर मिलते ही उनके निवास के बाहर मीडिया और स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। प्रशासनिक अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी लगातार संपर्क में बनी हुई है। सूत्रों के अनुसार राज्यपाल फिलहाल अपनी पत्नी के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दे रहे हैं।
कर्नाटक में सीएम बदलने की चर्चाओं के बीच बढ़ी अटकलें
इधर कर्नाटक की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर चर्चाएं तेज हैं। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे को लेकर राजनीतिक गतिविधियां बढ़ गई हैं। राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को अगला मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि इस पर अंतिम फैसला कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद ही स्पष्ट होगा।
ये भी पढ़ें: भोपाल: सरपंच प्रभार विवाद पहुंचा पंचायत मंत्री तक, उप सरपंच ने लगाए अधिकार नहीं देने के आरोप
राज्यपाल से समय नहीं मिलने पर बना नया समीकरण
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने राज्यपाल से मुलाकात के लिए समय मांगा था। लेकिन राज्यपाल के बेंगलुरु से बाहर होने के कारण मुलाकात संभव नहीं हो सकी। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार यदि राज्यपाल राज्य से बाहर हों तब भी मुख्यमंत्री अपना लिखित इस्तीफा राजभवन सचिवालय को सौंप सकते हैं या ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। बाद में राज्यपाल उस पर औपचारिक निर्णय लेते हैं।
ये भी पढ़ें: Karnataka CM Resigns: 'हाईकमान के आदेश पर दिया इस्तीफा', सिद्धारमैया ने राज्यसभा नहीं जाने का किया ऐलान
स्वास्थ्य कारणों से जुड़ा है दौरा
राज्यपाल के करीबी सूत्रों का कहना है कि उनके नागदा आने का कर्नाटक की राजनीतिक घटनाओं से कोई संबंध नहीं है। यह यात्रा केवल उनकी पत्नी की स्वास्थ्य संबंधी स्थिति के कारण हुई है। फिलहाल कर्नाटक में राजनीतिक गतिविधियों और राज्यपाल की अनुपस्थिति को लेकर चर्चाएं जारी हैं जबकि नागदा में अनीता गहलोत के स्वास्थ्य पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।












