अमेरिकी रैपर कान्ये वेस्ट के भारत में होने वाले बहुप्रतीक्षित कॉन्सर्ट को पोस्टपोन कर दिया गया है। यह शो पहले 29 मार्च 2026 को दिल्ली में आयोजित होना था, लेकिन अब इसे आगे बढ़ाकर 23 मई 2026 कर दिया गया है। इस बदलाव की जानकारी खुद कान्ये वेस्ट ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को दी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक कॉन्सर्ट की तारीख में बदलाव मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव को देखते हुए किया गया है। कान्ये ने अपने पोस्ट में साफ किया कि उनके लिए फैंस, आर्टिस्ट और पूरी प्रोडक्शन टीम की सुरक्षा सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। अंतरराष्ट्रीय यात्रा से जुड़े जोखिमों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
राहत की बात यह है कि जिन फैंस ने पहले ही टिकट बुक कर लिए हैं, उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। 29 मार्च के लिए खरीदे गए सभी टिकट अब 23 मई को होने वाले कॉन्सर्ट के लिए वैध रहेंगे। रैपर ने अपने संदेश में फैंस का आभार जताते हुए कहा कि वे उनकी समझ और सहयोग की सराहना करते हैं।
ये भी पढ़ें: 'धुरंधर' फैंस को बड़ा झटका! युद्ध के कारण ‘Fa9la’ सिंगर का इंडिया टूर कैंसिल
दरअसल, हाल के दिनों में वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव का असर इंटरनेशनल इवेंट्स पर भी देखने को मिल रहा है। इसी वजह से कई बड़े शो और टूर शेड्यूल प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में आयोजकों द्वारा सुरक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी हो गया है।
गौरतलब है कि यह भारत में कान्ये वेस्ट का पहला बड़ा कॉन्सर्ट होने वाला है, जिसे लेकर म्यूजिक लवर्स के बीच जबरदस्त उत्साह था। 24 बार के ग्रैमी अवॉर्ड विजेता कान्ये के इस शो को लेकर दिल्ली में लंबे समय से चर्चा बनी हुई है। अब नई तारीख के साथ फैंस को इस मेगा इवेंट का थोड़ा और इंतजार करना होगा।