Jharkhand Student Protest Live:छात्रों का मार्च रोकने के लिए पुलिस का बल प्रयोग! आखिरी बैरिकेड टूटते ही बरसीं लाठियां

Live Updates
01:20 PM 10/08/26
छात्रों पर लाठीचार्ज
रांची में विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़ रहे JPSC-JSSC अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। सातवीं और आखिरी बैरिकेडिंग पार करने के बाद प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर बढ़ने लगे थे। इसके बाद पुलिस ने छात्रों को पीछे हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच हाथापाई की भी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि आखिरी बैरिकेड टूटने के बाद छात्रों और विधानसभा के बीच कोई बड़ी रुकावट नहीं बची थी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है और बड़ी संख्या में सुरक्षाबल तैनात हैं।
01:05 PM 10/08/26
कंटीली बैरिकेडिंग पर भड़के देवेंद्र नाथ महतो
विधानसभा घेराव के दौरान छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने प्रशासन की ओर से लगाई गई कंटीली बैरिकेडिंग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन को रोकने के लिए इस तरह की बैरिकेडिंग की जरूरत क्यों पड़ी।
महतो ने कहा कि उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, लेकिन छात्रों को रोकने के लिए कंटीली बैरिकेडिंग लगाए जाने के बाद वह खुद को प्रदर्शन से अलग नहीं रख सके। उन्होंने सवाल किया, “क्या ये पाकिस्तान, बांग्लादेश या चीन की सीमा है? ये छात्र हैं।” महतो ने प्रशासन से छात्रों के साथ सख्ती के बजाय उनकी मांगों पर बातचीत करने की अपील की।
01:00 PM 10/08/26
सरकार की इस तानाशाही का करारा जवाब देंगे: बाबूलाल मरांडी
झारखंड में छात्रों के आंदोलन के बीच बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी को मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना देने के दौरान पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के बाद मरांडी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड के छात्र पिछले 15 दिनों से CBI जांच की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी मुद्दे पर वे मुख्यमंत्री से मुलाकात कर छात्रों की मांगों पर कार्रवाई की मांग करने जा रहे थे, लेकिन उन्हें मुख्यमंत्री आवास के बाहर ही रोक दिया गया। इसके बाद उन्हें खेलगांव स्थित कैंप जेल में डिटेन कर दिया गया। मरांडी ने कहा कि सरकार की इस कार्रवाई का करारा जवाब दिया जाएगा और छात्रों को न्याय दिलाने के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा।
12:40 PM 10/08/26
विधानसभा के बेहद करीब पहुंचे छात्र
छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी। प्रदर्शनकारी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच, JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने और CBI जांच समेत अपनी प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। विधानसभा के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
12:34 PM 10/08/26
वॉटर कैनन के सामने गमछा लहराकर करने लगे डांस
रांची में विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारी छात्र छठी और आखिरी बैरिकेडिंग तक पहुंच गए। छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, लेकिन इसका प्रदर्शनकारियों पर खास असर नहीं दिखा। पानी की तेज बौछार के बीच कई छात्र पीछे हटने के बजाय गमछे लहराते हुए डांस करने लगे। छात्रों के इस अंदाज को देखकर मौके पर माहौल कुछ देर के लिए अलग नजर आया। प्रदर्शनकारियों के लगातार डटे रहने के बाद पुलिस ने कुछ समय बाद वॉटर कैनन बंद कर दिया। छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं।
12:24 PM 10/08/26
पुलिस बैरिकेड तोड़ने की कोशिश
रांची में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का विधानसभा घेराव मार्च तेज हो गया है। राज्य विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारी छात्रों ने रास्ते में लगाए गए पुलिस बैरिकेड को पार करने की कोशिश की। छात्रों ने बैरिकेडिंग को धक्का देकर आगे बढ़ने का प्रयास किया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। छात्र भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मांग है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
12:15 PM 10/08/26
रांची में छात्रों का विधानसभा घेराव मार्च तेज
रांची में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का विधानसभा घेराव आंदोलन तेज हो गया है। बड़ी संख्या में छात्र अपनी मांगों को लेकर विधानसभा की ओर मार्च कर रहे हैं। इसी दौरान एक प्रदर्शनकारी पुलिस की बैरिकेडिंग के ऊपर चढ़ गया। छात्रों के विधानसभा मार्च के कारण इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रदर्शनकारी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं और अपनी मांगों को लेकर सरकार से जवाब मांग रहे हैं। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और सुरक्षा व्यवस्था के लिए कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई है।
12:00 PM 10/08/26
देवेंद्र नाथ महतो बोले- सरकार के सुनने तक जारी रहेगा आंदोलन
मार्च के दौरान छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गुरुजी शिबू सोरेन ने पूरी जिंदगी संघर्ष और आंदोलनों में बिताई। महतो ने कहा कि अगर आज गुरुजी उनके बीच होते, तो शायद छात्रों के इस आंदोलन में शामिल होते। उन्होंने कहा कि गुरुजी अब उनके बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी तस्वीर लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं।
12:00 PM 10/08/26
पहली बैरिकेडिंग पार कर दूसरी के पास पहुंचे छात्र
झारखंड विधानसभा के घेराव के लिए निकले छात्रों का जत्था पहली बैरिकेडिंग पार कर दूसरी बैरिकेडिंग के पास पहुंच गया है। यहां सुरक्षा बलों ने छात्रों को आगे बढ़ने से रोक दिया है। प्रदर्शनकारी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं और सरकार से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। छात्रों की प्रमुख मांगों में JSSC-CGL परीक्षा रद्द करना और पूरे मामले की CBI जांच कराना शामिल है। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी है, क्योंकि इससे हजारों युवाओं के भविष्य का सवाल जुड़ा हुआ है। फिलहाल विधानसभा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है और हालात पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
11:45 AM 10/08/26
JSSC-CGL में सबसे ज्यादा गड़बड़ियां हुईं: जयराम महतो
रांची में छात्रों के विधानसभा मार्च के बीच झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के विधायक जयराम कुमार महतो ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों को लेकर सरकार को गंभीरता से फैसला लेना चाहिए था। महतो ने कहा कि सरकार ने कई मांगों को स्वीकार किया है, जिसके लिए वह सरकार का धन्यवाद करते हैं, लेकिन JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने की मांग सबसे अहम है। उनके मुताबिक, इसी परीक्षा में सबसे ज्यादा गड़बड़ियों के आरोप सामने आए हैं। महतो ने दावा किया कि अभय तिवारी ने करीब 400 उम्मीदवारों को चयनित करवाने की बात स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि ऐसे आरोपों के बीच परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
11:30 AM 10/08/26
बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़े छात्र
रांची में विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने तीसरी बैरिकेडिंग भी तोड़ दी और लगातार विधानसभा की ओर बढ़ते रहे। बैरिकेडिंग के बावजूद छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि राज्य सरकार ने उनकी मांगों को लेकर उन्हें लगातार आश्वासन दिया, लेकिन अब तक ठोस समाधान नहीं निकला। छात्रों ने कहा कि सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना होगा और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों का समाधान करना होगा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सिर्फ बैरिकेडिंग लगाकर उनकी आवाज को नहीं रोका जा सकता और जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर फैसला नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
रांची। झारखंड में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन ने सोमवार, 10 अगस्त को बड़ा रूप ले लिया। पिछले 16 दिनों से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना दे रहे छात्रों ने सोमवार को झारखंड विधानसभा के घेराव का ऐलान किया था। आंदोलन के 17वें दिन बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा की ओर मार्च करने निकले। छात्रों की मांग है कि राज्य में होने वाली भर्ती परीक्षाओं में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
विधानसभा की ओर बढ़े छात्र, बैरिकेडिंग तोड़ी
छात्रों के विधानसभा मार्च को देखते हुए रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। विधानसभा की ओर जाने वाले रास्तों पर कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई थी। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कंटीले तार भी लगाए गए थे और बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई। मार्च के दौरान छात्र पहली बैरिकेडिंग को पार कर दूसरी बैरिकेडिंग तक पहुंच गए। यहां पुलिस और सुरक्षा बलों ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और विधानसभा की ओर आगे बढ़ने लगे।
सड़क पर बैठे छात्र, शांतिपूर्ण आंदोलन का दावा
बैरिकेडिंग पार करने के बाद कई छात्र सड़क पर ही बैठ गए। प्रदर्शनकारी लगातार अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते नजर आए। छात्रों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपना आंदोलन करना चाहते हैं और सरकार से सिर्फ अपनी मांगों पर स्पष्ट जवाब चाहते हैं। एक छात्र ने कहा कि युवाओं को रोजगार चाहिए और भर्ती प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिस पर सभी अभ्यर्थियों को भरोसा हो। छात्रों का आरोप है कि कई भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। उनका कहना है कि सरकार को उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनना चाहिए और ठोस समाधान देना चाहिए।
विधानसभा के आसपास धारा 163 लागू
छात्रों के मार्च को देखते हुए विधानसभा के आसपास सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इलाके में BNS की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। विधानसभा की ओर जाने वाले रास्तों पर पुलिस की कई टुकड़ियां तैनात हैं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है। प्रशासन की कोशिश है कि प्रदर्शन के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो।
सरकार और छात्रों के बीच तीन दौर की बातचीत
छात्रों के आंदोलन को खत्म कराने के लिए सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच अब तक तीन दौर की बातचीत हो चुकी है। रविवार को भी दोनों पक्षों के बीच पांच घंटे से ज्यादा समय तक बातचीत चली। बताया गया कि बातचीत के दौरान सरकार की ओर से छात्रों की कई मांगों पर सहमति जताई गई और आंदोलन समाप्त करने की कोशिश की गई। हालांकि, कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। इनमें कथित गड़बड़ियों की CBI जांच की मांग भी शामिल है। बातचीत से कोई अंतिम समाधान नहीं निकलने के बाद छात्रों ने विधानसभा मार्च का फैसला किया। छात्र संगठन का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर स्पष्ट फैसला नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
JPSC धांधली मामले में ED की एंट्री! ECIR दर्ज होते ही शुरू हुई पैसों के लेन-देन की जांच
छात्रों का आरोप- रांची पहुंचने से रोकने की कोशिश
प्रदर्शनकारी छात्रों का दावा है कि अलग-अलग इलाकों से रांची आने वाले अभ्यर्थियों को रोकने की कोशिश की जा रही है। छात्रों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। छात्र संगठनों ने अपने साथियों से अपील की है कि वे आंदोलन के दौरान पुलिस से किसी तरह की झड़प न करें। साथ ही उपद्रव करने वाले लोगों से दूरी बनाए रखने और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की अपील की गई है।
'सरकार हमारी बात सुने और जवाब दे'
आंदोलन में शामिल एक छात्र ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था को लेकर युवाओं के मन में लगातार सवाल हैं। उनका कहना है कि सरकार को अभ्यर्थियों की बात सुननी चाहिए और उठाए जा रहे सवालों का जवाब देना चाहिए। छात्रों की मुख्य मांग है कि सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो। उनका कहना है कि परीक्षा देने वाले लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ा मामला है, इसलिए किसी भी तरह की गड़बड़ी या अनियमितता की स्थिति में निष्पक्ष जांच जरूरी है।
फिलहाल रांची में छात्रों का विधानसभा मार्च जारी है। प्रशासन की नजर प्रदर्शन की स्थिति पर बनी हुई है। वहीं, छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन पर डटे हुए हैं। अब सभी की नजर सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच आगे होने वाली बातचीत और आंदोलन के अगले कदम पर है।
सरकार का दावा- छात्रों की 98% मांगें मानी गईं
झारखंड में जारी छात्र आंदोलन के बीच सरकार ने दावा किया है कि छात्रों की करीब 98 फीसदी मांगों को मान लिया गया है। रविवार को छात्र प्रतिनिधियों और सरकार के बीच हुई बातचीत में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, दीपिका पांडेय सिंह, संजय प्रसाद यादव और चमरा लिंडा शामिल हुए। सरकार के मुताबिक, बातचीत के दौरान कई अहम मांगों पर सहमति बनी है। इनमें 14वीं JPSC पीटी परीक्षा और ACF परीक्षा रद्द करने, TDPL एजेंसी से जुड़ी परीक्षाओं की जांच कराने और भर्ती परीक्षाओं की व्यवस्था में सुधार के लिए विशेषज्ञों की समिति गठित करने जैसे फैसले शामिल हैं। हालांकि, छात्रों की कुछ प्रमुख मांगों पर अभी सहमति नहीं बन पाई है, जिसके चलते विधानसभा घेराव और आंदोलन जारी है।











