🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

सरकार से बात नहीं बनी तो विधानसभा की ओर निकलेंगे छात्र! कई लेयर की बैरिकेडिंग, रांची में बढ़ी सुरक्षा, धारा 163 लागू

सरकार से तीन दौर की बातचीत के बाद भी छात्रों और प्रशासन के बीच कई मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी। अब छात्र आज रांची में विधानसभा की ओर मार्च करेंगे। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। विधानसभा के आसपास बैरिकेडिंग की गई है और प्रतिबंधित क्षेत्र में धारा 163 लागू की गई है।
Follow on Google News
सरकार से बात नहीं बनी तो विधानसभा की ओर निकलेंगे छात्र! कई लेयर की बैरिकेडिंग, रांची में बढ़ी सुरक्षा, धारा 163 लागू
विधानसभा मार्च से पहले सुरक्षा कड़ी

रांची। झारखंड में सरकारी भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। सोमवार को प्रदर्शनकारी छात्र विधानसभा की ओर मार्च करने की तैयारी में हैं। छात्र पहले पुरानी विधानसभा के पास जुटेंगे और इसके बाद नई विधानसभा की तरफ बढ़ेंगे। प्रशासन ने मार्च को देखते हुए पूरे रास्ते में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। विधानसभा परिसर के आसपास कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस और प्रशासन ने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

तीन दौर की बातचीत के बाद भी नहीं बनी बात

झारखंड में JPSC और JSSC से जुड़ी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ छात्रों का आंदोलन कई दिनों से चल रहा है। सरकार और छात्रों के बीच रविवार को तीसरे दौर की बातचीत भी हुई लेकिन कुछ अहम मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद छात्रों ने विधानसभा मार्च का फैसला कायम रखा।

विधानसभा की ओर कूच

प्रदर्शन में शामिल छात्र सुबह पुरानी विधानसभा के पास जमा होने की तैयारी में हैं। इसके बाद सभी एक साथ नई विधानसभा की ओर पैदल मार्च करेंगे। अलग अलग जिलों से छात्र पहले ही रांची पहुंच चुके हैं। मोरहाबादी और पुरानी विधानसभा के आसपास प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ने से प्रशासन ने भी अपनी तैयारी तेज कर दी है।

विधानसभा के रास्ते पर कई जगह बैरिकेडिंग

छात्रों के मार्च को देखते हुए पुरानी विधानसभा से नई विधानसभा तक सुरक्षा बढ़ाई गई है। प्रशासन ने मार्च के रास्ते में कई जगह बैरिकेड लगाए हैं। जगन्नाथ मंदिर चौक के आगे छात्रों को रोकने की तैयारी है। इस पूरे रास्ते पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी, ताकि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था बिगड़ने न पाए।

ये भी पढ़ें: ‘मोदी को ठोकने आए थे’ केजरीवाल के बयान से गरमाई सियासत, बीजेपी बोली- ये कैसी भाषा है?

700 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल लगाया गया है। अधिकारियों के साथ DSP, इंस्पेक्टर और दारोगा स्तर के पुलिसकर्मी भी ड्यूटी पर रहेंगे। पूरे इलाके पर नजर रखने के लिए CCTV कैमरों के साथ ड्रोन की मदद भी ली जाएगी। प्रशासन का फोकस मार्च को शांतिपूर्ण तरीके से कराने पर है।

विधानसभा के आसपास धारा 163 लागू

नई विधानसभा के आसपास के निर्धारित क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू की गई है। इसके तहत बिना अनुमति धरना, जुलूस और रैली जैसी गतिविधियों पर रोक रहेगी। प्रशासन ने लोगों से नियमों का पालन करने और किसी भी तरह की हिंसा या विवाद से बचने की अपील की है।

कई जगह रोके जा रहे प्रदर्शनकारी

आंदोलनकारी छात्रों का आरोप है कि दूसरे जिलों से रांची आने वाले कुछ अभ्यर्थियों को रास्ते में रोका जा रहा है। छात्र संगठनों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस फैसला नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। दूसरी तरफ प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से अपनी बात रखने को कहा है।

किन मुद्दों पर अटका मामला?

सरकार ने बातचीत के दौरान छात्रों की कुछ मांगों पर सहमति जताने की कोशिश की है। 14वीं JPSC परीक्षा को लेकर भी सरकार की ओर से कदम उठाने की बात सामने आई है। हालांकि CBI जांच समेत कुछ अन्य मांगों पर दोनों पक्षों के बीच बात आगे नहीं बढ़ सकी। यही वजह है कि बातचीत के बावजूद आंदोलन खत्म नहीं हुआ।

ये भी पढ़ें: हर घर तिरंगा अभियान का बने हिस्सा, आजादी के जश्न से पहले PM मोदी की देशवासियों से अपील

BJP ने भी मार्च को दिया समर्थन

छात्र संगठनों ने JPSC, JSSC CGL और दूसरी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ विधानसभा मार्च का आह्वान किया है। JPSC-JSSC अभ्यर्थी रिफॉर्म मंच और न्याय मंच समेत कई संगठन इसमें शामिल हैं। बीजेपी ने भी छात्रों के प्रस्तावित मार्च को समर्थन देने का ऐलान किया है। अब सभी की नजर आज होने वाले विधानसभा मार्च पर है।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी) | एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारिय...Read More

icon

Latest Posts