Jaipur:मोहर्रम पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम! 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात, कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट

जयपुर। मोहर्रम के मौके पर जयपुर में आज सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह हाई अलर्ट पर रहेगी। ताजिया जुलूस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से निकालने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन ने शहरभर में व्यापक इंतजाम किए हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। परकोटा क्षेत्र में कुछ समय के लिए वाहनों की एंट्री भी बंद की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जारी ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें ताकि किसी तरह की परेशानी न हो।
परकोटा क्षेत्र में कई रास्तों पर रहेगी रोक
ताजिया जुलूस के दौरान परकोटा क्षेत्र में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई प्रमुख प्रवेश मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। संजय सर्किल, अजमेरी गेट, न्यू गेट, सांगानेरी गेट, घाट गेट, गलता गेट और रामगढ़ मोड़ जैसे रास्तों से वाहनों को अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी। जरूरत के अनुसार पुलिस दूसरे मार्गों से यातायात को डायवर्ट करेगी, ताकि जुलूस बिना किसी बाधा के निकल सके।
शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध
मोहर्रम के दिन शहर में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है। रोड नंबर-14 वीकेआई, कालवाड़ पुलिया, सिरसी पुलिया, 200 फीट अजमेर रोड, न्यू सांगानेर मोड़, गोपालपुरा मोड़, ट्रांसपोर्ट नगर, धोबीघाट, रामगढ़ मोड़, गलता गेट और आमेर तिराहे जैसे प्रमुख मार्गों से ट्रकों और बड़े वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। इससे जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी।
ये भी पढ़ें: Jharkhand: रामगढ़ सड़क हादसे में सात की मौत, मुहर्रम से लौट रही ताशा पार्टी को ट्रक ने मारी टक्कर
पार्किंग पूरी तरह बंद रहेगी
प्रशासन ने जुलूस के मार्ग पर आने वाले बाजारों में पार्किंग पर पूरी तरह रोक लगा दी है। चौड़ा रास्ता, बड़ी चौपड़, बापू बाजार, जौहरी बाजार, हवामहल बाजार, रामगंज बाजार, घाट गेट बाजार, चांदपोल बाजार, छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, गणगौरी बाजार, किशनपोल बाजार, इंदिरा बाजार, एमआई रोड और एमडी रोड सहित कई क्षेत्रों में वाहन पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। लोगों से कहा गया है कि वे अपने वाहन निर्धारित स्थानों पर ही खड़े करें।
ताजिया जुलूस का मार्ग तय
दोपहर बाद शहर के अलग-अलग इलाकों से ताजिए बड़ी चौपड़ पहुंचेंगे। इसके बाद जुलूस हवामहल बाजार, चांदी की टकसाल, सुभाष चौक, जोरावर सिंह गेट और रामगढ़ मोड़ होते हुए कर्बला तक जाएगा। इसी दौरान दोपहर से देर रात तक कई रास्तों पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। पुलिस लगातार मौके पर मौजूद रहकर यातायात को नियंत्रित करेगी।
ड्रोन, सीसीटीवी और पुलिस की रहेगी कड़ी निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे शहर में करीब तीन हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा सादा वर्दी में पुलिस और इंटेलिजेंस टीम भी भीड़ पर नजर रखेगी। ड्रोन कैमरे, सीसीटीवी कैमरे और अभय कमांड सेंटर के जरिए हर गतिविधि की निगरानी की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम को भी तैयार रखा गया है।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने साफ किया है कि मोहर्रम के दौरान सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाने या भ्रामक जानकारी साझा करके माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने केवल लाइसेंसधारी ताजियों को ही जुलूस निकालने की अनुमति दी है और सभी आयोजकों से तय नियमों का पालन करने को कहा है।
ये भी पढ़ें: E20 Fuel: सरकार ने दी बड़ी सफाई, इंश्योरेंस क्लेम पर नहीं पड़ेगा कोई असर
प्रशासन ने लोगों से की यह अपील
यातायात पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें और भीड़ वाले इलाकों में जाने से बचें। यदि जरूरी काम से बाहर निकलना हो तो पहले मार्ग की जानकारी लेकर ही यात्रा करें। प्रशासन का कहना है कि लोगों के सहयोग से ही मोहर्रम का आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जा सकेगा।











